
x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गंभीर अपराधों के खुलासे, अपहृत व्यक्तियों की सकुशल बरामदगी, चोरी की संपत्ति जब्त करने और साइबर ठगी के पीड़ितों को उनकी रकम वापस दिलाने में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने नॉर्थ जोन और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की टीमों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की। इस दौरान हत्या के मामलों में वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी, अपहरण के मामलों में त्वरित कार्रवाई और साइबर अपराध पीड़ितों की मदद करने वाले पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया।
पुलिस कमिश्नर ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों को किया सम्मानित
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने नॉर्थ जोन के विभिन्न थानों और एसीसीयू के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला, डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन आदित्य पांडे, एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा उपस्थित रहे। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई और बेहतर विवेचना से आम नागरिकों का पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत होता है।
डीएनए प्रोफाइल के मिलान से हत्या का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
नॉर्थ जोन के खमतराई थाना पुलिस की टीम ने हत्या के एक गंभीर मामले में वैज्ञानिक साक्ष्यों का उपयोग करते हुए महत्वपूर्ण सफलता हासिल की थी। पुलिस टीम ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और डीएनए प्रोफाइल के मिलान के आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझाई। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। वैज्ञानिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के माध्यम से अपराध का खुलासा करने के लिए खमतराई पुलिस टीम की सराहना की गई।
अपहरण के 24 घंटे के भीतर मिर्जापुर से युवक को सकुशल छुड़ाया
खमतराई थाना क्षेत्र से जुड़े प्रतीक राय अपहरण प्रकरण में भी पुलिस ने उल्लेखनीय कार्रवाई की थी। पुलिस टीम ने अपहरण की सूचना मिलने के बाद तत्काल जांच शुरू की और तकनीकी जानकारी तथा अन्य सुरागों के आधार पर अपहृत युवक की तलाश की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से प्रतीक राय को सकुशल बरामद कर रायपुर लाया। इस त्वरित कार्रवाई को लेकर भी संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
ज्वेलरी दुकान में चोरी का खुलासा, 11.58 लाख की संपत्ति बरामद
गुढ़ियारी थाना पुलिस ने ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की थी। पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए आरोपियों की पहचान की और उनके कब्जे से 11 लाख 58 हजार 251 रुपये मूल्य की चोरी की संपत्ति बरामद की। इस कार्रवाई के अलावा गुढ़ियारी पुलिस ने एक अन्य मामले में आरोपी के कब्जे से देशी पिस्टल और मैगजीन जब्त की थी। अवैध हथियार बरामद होने के बाद आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई थी।
डेढ़ साल के मासूम को 6 घंटे में नागपुर से किया बरामद
गुढ़ियारी पुलिस की एक और महत्वपूर्ण कार्रवाई में अपहृत डेढ़ वर्षीय बालक को महज छह घंटे के भीतर सकुशल बरामद किया गया था। जानकारी के अनुसार, बच्चे के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस ने तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नागपुर से मासूम बच्चे को सुरक्षित बरामद किया और मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया। बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस टीम की तत्परता और समन्वय की विशेष सराहना की गई।
साइबर ठगी के पीड़ितों को रकम वापस दिलाने वाले आरक्षक का विशेष सम्मान
सम्मान समारोह में गुढ़ियारी थाने में पदस्थ आरक्षक केदार सिंह राजपूत को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। आरक्षक केदार सिंह राजपूत ने MRM पोर्टल के माध्यम से साइबर ठगी के पीड़ितों की रकम वापस दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पुलिस विभाग के अनुसार, उन्होंने पूरे रायपुर कमिश्नरेट में सर्वाधिक साइबर ठगी पीड़ितों की राशि वापस कराने में उत्कृष्ट योगदान दिया। उनके प्रयासों से साइबर अपराधों के शिकार नागरिकों को आर्थिक राहत मिलने में मदद मिली। इसी योगदान के लिए पुलिस कमिश्नर ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
पंडरी पुलिस की कार्रवाई को भी मिली सराहना
थाना पंडरी पुलिस की टीम द्वारा चोरी के मामले में किए गए प्रभावी खुलासे और जांच की भी सराहना की गई। पुलिस ने विभिन्न मामलों में आरोपियों की पहचान, पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए तकनीकी तथा अन्य साक्ष्यों का उपयोग किया। इन कार्रवाइयों को अपराध नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया।
पुलिस कमिश्नर बोले- टीम भावना और समर्पण से करें काम
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने सम्मानित अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी तत्परता, अनुशासन और टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने गंभीर अपराधों के त्वरित निराकरण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, साइबर अपराधों पर नियंत्रण और पीड़ितों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी केवल अपराधियों को पकड़ना नहीं, बल्कि आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण और बेहतर पुलिस सहायता उपलब्ध कराना भी है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित करने की यह पहल बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से की गई।
Next Story





