छत्तीसगढ़

6 तारीख को होगा होलिका दहन, शंकराचार्य आश्रम के प्रमुख ने दी जानकारी

Nilmani Pal
5 March 2023 8:24 AM GMT
6 तारीख को होगा होलिका दहन, शंकराचार्य आश्रम के प्रमुख ने दी जानकारी
x
रायपुर। बोरियाकला के शंकराचार्य आश्रम के प्रमुख डॉ. इंदुभवानंद ने होली को लेकर उहापोह पर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि 6 तारीख को होलिका दहन होगा, और 8 तारीख को वसंतोत्सव मनाया जाएगा। डॉ. इंदुभवानंद के मुताबिक इस वर्ष फाल्गुन शुक्ल पूर्णिमा 15 मंगलवार को 28 घटी 41 पल सायंकाल 5.39 पर समाप्त हो रही है तथा इसी दिन सूर्यास्त 5.55 पर हो रहा है। मंगलवार को पूर्णिमा सूर्यास्त काल में नहीं है, तथा पूर्व दिन सोमवार को चतुर्दशी तिथि 24 घटी 23 पल दिन में 3.56 पर समाप्त होकर पूर्णिमा तिथि लग रही है इसी दिन रात्रि पर्यन्त भद्रा है। फाल्गुन शुक्ल पूर्णिमा मंगलवार को प्रदोष काल में पूर्णिमा के न मिलने के कारण पूर्व दिन सोमवार 6 मार्च 2023 को रात्रि भद्रापुच्छ में 12.23 से रात 1.35 के मध्य अर्थात तीन घटी 72 मिनट में होलिका का दहन करना चाहिए।

शास्त्रों के अनुसार रात्रि 12.23 से 1.35 तक होलिका दहन होना चाहिए, क्योंकि प्रतिपदा तिथि को, भद्रा में, और दिन में होलिका के दहन का विधान नहीं है। पूर्णिमा की रात्रि में प्रदोष काल में ही होलिका दहन का विधान प्राप्त होता है किंतु इस वर्ष विषम स्थिति आ जाने के कारण भद्रा पुच्छ में भी होलिका दहन किया जा सकता है अत: शास्त्रीय वचन का पालन करते हुए भद्रा पुच्छ में ही होलिका दहन करना चाहिए। आदि प्रमाणों के अनुसार 6 मार्च 2023 सोमवार रात्रि 12.23 से 1.35 के मध्य होलिका दहन करना चाहिए। दूसरे दिन 7 मार्च 2023 को मंगलवार को पूर्णिमा है। पूर्णिमा के दिन होलिका नहीं खिलाना चाहिए शुद्ध प्रतिपदा तिथि में ही होलिकोत्सव बसंतोत्सव मनाना चाहिए। अत: 6 तारीख की रात्रि में होलिका दहन होगा तथा 8 तारीख को होली खेली और मनाई जाएगी।

Next Story