
यूपी। दिन और रात के बढ़ते तापमान ने बेचैनी बढ़ा दी है। शनिवार को मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दिन का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हवा की गति कम होने के कारण धूप झुलसा देने वाली थी। नतीजतन, दोपहर के वक्त सड़कों पर वाहनों का दबाव कम देखा गया। कमोबेश रात की स्थिति भी यही रही। रात का तापमान भी 24 डिग्री तक पहुंच जाने से लोगों की नींद में खलल पड़ा। बिजली गुल होने की स्थिति में गर्मी और भी अधिक महसूस की गई।
शनिवार को इस सीजन का सर्वाधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया, वहीं रात भी सबसे ज्यादा गर्म रही। मौसम विभाग के अनुसार, 24 अप्रैल को पारा 43 डिग्री के पार जा सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिन का अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक था। इसी तरह न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक रहा।
प्रदेश के कई स्थानों पर तापमान 40 डिग्री के पार जाने के साथ ही राजधानी लखनऊ में भी इस सीजन में पहली बार 41 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। हवा में नमी की मात्रा 30 फीसदी तक पहुंच जाने से तपिश ज्यादा महसूस हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, तेज धूप से अभी राहत की उम्मीद नहीं है। शुष्क पछुआ हवाओं के जारी रहने के कारण अगले दो-तीन दिनों के दौरान तापमान में और वृद्धि की संभावना है।
लगातार दूसरे दिन शनिवार को भी बांदा प्रदेश में सबसे गर्म जिलों में शुमार रहा। अधिकतम तापमान 44.6 व न्यूनतम 25.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दिन सूरज की तपिश व तेज धूप तो रात में गर्म पश्चिमी हवाओं ने लोगों की नींद उड़ा दी है। वहीं बिजली कटौती भी जिलेवासियों पर भारी पड़ी। मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिन में तापमान और बढ़ने का पूर्वानुमान बताया है। वहीं प्रशासन ने भी हीटवेब को लेकर चेतावनी जारी की है।





