छत्तीसगढ़

ताश के पत्तों पर लग रहा था लाखों का दांव, 9 गिरफ्तार 1.14 लाख कैश जब्त

SHIDDHANT
29 Aug 2026 6:40 PM IST
ताश के पत्तों पर लग रहा था लाखों का दांव,  9 गिरफ्तार 1.14 लाख कैश जब्त
x
छग
Raipur रायपुर: राजधानी रायपुर के कटोरा तालाब इलाके में सिविल लाइन थाना पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ईलेवन ग्राउंड में खंभे की रोशनी में ताश के पत्तों पर रुपये-पैसे का दांव लगाकर जुआ खेल रहे 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से पुलिस ने कुल 1,14,500 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और ताश खेलने में इस्तेमाल चिप्स जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 28 अगस्त 2026 की शाम अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि कटोरा तालाब स्थित ईलेवन ग्राउंड में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। रास्ते में मिले गवाहों को साथ लेकर पुलिस ने बताए गए स्थान की घेराबंदी कर रेड की।
पुलिस को देखकर कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि 9 लोगों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान रनवीर सिंह, सागर बालानी, यरुल श्रीवास्तव, वैभव मल्होत्रा, किन्तव पारेख, अंकुर श्रीवास्तव, वरुण यदु, सागर शर्मा और नमन अग्रवाल के रूप में हुई। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास और जुआ फड़ से कुल 1,14,500 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और चिप्स बरामद किए गए। पुलिस ने जब्ती की कार्रवाई गवाहों की मौजूदगी में की।
आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद सक्षम जमानतदार पेश करने पर जमानत मुचलके पर रिहा किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में जुआ खेलने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
Next Story