छत्तीसगढ़
स्वस्थ युवा, नशामुक्त भारत, यही है विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव: बृजमोहन अग्रवाल
Shantanu Roy
4 Oct 2026 4:48 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव में रविवार को AGRATHON 4.0 दौड़ का आयोजन किया गया। अग्रवाल युवा मंडल, रोटरी क्लब और ‘माय भारत (छत्तीसगढ़)’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल शामिल हुए और प्रतिभागी युवाओं का उत्साहवर्धन किया। यह आयोजन ‘विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा अभियान’ को समर्पित रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया और दौड़ के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली तथा नशामुक्त समाज का संदेश दिया। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रतिभागियों से मुलाकात की और खेल एवं शारीरिक गतिविधियों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर अग्रवाल ने कहा कि आज की तेज रफ्तार जिंदगी में केवल अकादमिक सफलता पर्याप्त नहीं है। स्वस्थ शरीर और शांत मस्तिष्क भी उतना ही जरूरी है। माता-पिता अपने बच्चों की पढ़ाई और भविष्य को लेकर सजग रहते हैं, लेकिन लगातार बढ़ती प्रतिस्पर्धा और दबाव युवाओं में मानसिक तनाव पैदा कर सकता है। ऐसे में युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि तनाव और भटकाव की स्थिति कई बार युवाओं को नशे जैसी बुरी आदतों की ओर ले जा सकती है। इससे बचाव के लिए खेलकूद, दौड़, योग और दूसरी शारीरिक गतिविधियां महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। नियमित खेल गतिविधियों से शारीरिक फिटनेस बेहतर होने के साथ अनुशासन और सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा मिलता है।
सांसद ने कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने का प्रभावी माध्यम है। दौड़ और अन्य शारीरिक गतिविधियां तनाव कम करने में मददगार होती हैं और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने ‘स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है’ का संदेश देते हुए युवाओं से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील की। AGRATHON 4.0 के दौरान उपस्थित युवाओं और प्रतिभागियों ने ‘नशामुक्त भारत’ का संकल्प भी लिया। इस दौरान युवाओं ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ समाज में इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने AGRATHON 4.0 के विजेताओं और प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने आयोजन के लिए अग्रवाल युवा मंडल, रोटरी क्लब और माय भारत (छत्तीसगढ़) की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वास्थ्य, खेल और सामाजिक सरोकार से जोड़ने वाले ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। साथ ही युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने में भी ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Next Story





