छत्तीसगढ़

मौसमी बीमारियों पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट ,लक्षण दिखने पर तत्काल उपचार और सूचना की अपील

Nil dhankar
16 July 2026 12:52 PM IST
मौसमी बीमारियों पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट ,लक्षण दिखने पर तत्काल उपचार और सूचना की अपील
x

बलौदाबाजार। मानसून के मौसम में बारिश के पानी के जमा होने, नमी बढ़ने और जल-जमाव के कारण विभिन्न संक्रामक रोग तेजी से फैलते हैं।इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील ज़ारी की है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश अवस्थी ने बताया कि बारिश के मौसम में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मच्छर जनित बीमारियाँ के साथ ही डायरिया ,टाइफाइड, पीलिया जैसे जल जनित अन्य रोग भी आम हैं। इन रोगों से बचाव के लिए ही जिला संपर्क केंद्र के माध्यम से ग्राम पंचायतों से ऑनलाइन जुड़ कर संवाद स्थापित किया जा रहा है। इसमें सम्बंधित ग्राम वासियों और जन प्रतिनिधियों को रोग से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं।

आईडीएसपी के जिला नोडल अधिकारी डॉ नवदीप बांधे के अनुसार दस्त और उल्टी वाले रोगों में बार-बार दस्त, उल्टी, पेट में ऐंठन और निर्जलीकरण की समस्या हो सकती है। इनसे बचने के लिए पीने का पानी उबालकर या फिल्टर करके पिएँ, खाना अच्छी तरह पकाकर खाएँ और हाथों को साबुन से बार-बार धोएँ। गांव में पेयजल स्रोतों की सफाई भी जरूरी है। ऐसे ही मच्छर जनित रोगों से बचाव हेतु कहीं जल जमाव न होने दें साथ ही मच्छरदानी का उपयोग करें । किसी भी प्रकार की सहायता के लिए जिला कार्यक्रम प्रबंधक सृष्टि मिश्रा ने लोगों से सावधानी बरतने को कहा है साथ ही किसी आवश्यकता पर 104 पर कॉल करने की सलाह दी है।

Next Story