छत्तीसगढ़
झिरियाकला में गुरु घासीदास जयंती समारोह, विधायक भावना बोहरा ने किया जैतखाम पूजन
Shantanu Roy
27 Dec 2025 6:25 PM IST

x
छग
Jhiriyakala. झिरियाकला। सतनाम समाज द्वारा ग्राम झिरियाकला में आयोजित परम् पूज्य गुरु घासीदास बाबा जी की जयंती समारोह श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र की विधायक भावना बोहरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने पूज्य जैतखाम की विधिवत पूजा-अर्चना कर गुरु घासीदास बाबा जी को नमन किया और उपस्थित जनसमुदाय को गुरु प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। विधायक भावना बोहरा ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ की पावन धरती पर जन्मे महान संत गुरु घासीदास बाबा जी ने समाज को सत्य, अहिंसा, करुणा और नैतिक आचरण जैसे उच्च जीवन मूल्यों का संदेश दिया। उनके उपदेश आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं और समरस, समानता आधारित समाज के निर्माण की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि “मनखे-मनखे एक समान” का संदेश देकर गुरु घासीदास बाबा जी ने जाति, भेदभाव और सामाजिक विषमताओं के खिलाफ चेतना जागृत की।
आज ग्राम झिरियाकला में सतनाम समाज द्वारा आयोजित परम् पूज्य गुरु घासीदास बाबा जी की जयंती समारोह में शामिल होकर पूज्य जैतखाम की पूजा-अर्चना की और और उपस्थित जन को गुरु प्रकाश पर्व की बधाई दी।
— Bhawna Bohra (@BhawnaBohrabjp) December 27, 2025
छत्तीसगढ़ की पावन धरती पर जन्मे महान संत पूज्य गुरु घासीदास बाबा जी ने अपने उपदेशों के… pic.twitter.com/3KRh7mho1S
भावना बोहरा ने कहा कि गुरु घासीदास बाबा जी का जीवन संघर्ष, त्याग और मानव कल्याण को समर्पित रहा। उन्होंने समाज को अंधविश्वास, नशा और कुरीतियों से दूर रहने की सीख दी। आज के समय में उनके विचारों को आत्मसात करना और आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। विधायक ने सतनाम समाज द्वारा सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को जीवित रखने के प्रयासों की सराहना की। समारोह के दौरान भजन-कीर्तन, सत्संग और गुरु वाणी का वाचन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। समाज के वरिष्ठ जनों ने गुरु घासीदास बाबा जी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी गरिमामय बना दिया। इस अवसर पर भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, सतनाम समाज के पदाधिकारी एवं ग्रामवासी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में समाज की एकता, शांति और समृद्धि की कामना के साथ समारोह का समापन किया गया।
Next Story





