छत्तीसगढ़
3 साल की पोती को बचाने गई दादी की चाकू मारकर हत्या, पड़ोसी युवक गिरफ्तार
Shantanu Roy
18 Oct 2026 6:31 PM IST

x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां तीन साल की मासूम बच्ची को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहे पड़ोसी युवक को रोकना उसकी दादी को भारी पड़ गया। आरोपी ने महिला पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतका की पहचान राजकुमारी यादव (56 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पुरानी रंजिश के चलते बच्ची को नुकसान पहुंचाने की नीयत से अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रहा था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी प्रशांत शुक्ला (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है।
घर में खेल रही मासूम को उठाकर ले जा रहा था युवक
जानकारी के अनुसार, घटना सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम मेंड्रा की है। 17 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे तीन साल की बच्ची अपने घर में खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला प्रशांत शुक्ला धारदार हथियार लेकर वहां पहुंचा। आरोप है कि युवक बच्ची को जबरन उठाकर अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगा। बच्ची की मां और दादी राजकुमारी यादव की नजर जब आरोपी पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल उसे रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपी हिंसक हो गया।
पोती को बचाने आगे आई दादी पर चाकू से हमला
पुलिस के अनुसार, बच्ची की दादी राजकुमारी यादव ने आरोपी को रोकते हुए अपनी पोती को बचाने की कोशिश की। इससे नाराज आरोपी ने अपने पास रखे धारदार हथियार से महिला पर लगातार वार कर दिए। चाकू के हमले से राजकुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं और खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ीं। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देखकर आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया।
सिम्स अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत
घटना के बाद परिजनों ने गंभीर रूप से घायल राजकुमारी यादव को तत्काल उपचार के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला का इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इलाज के दौरान राजकुमारी यादव की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पोती को बचाने के प्रयास में दादी की मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।
पुरानी रंजिश के चलते बच्ची को बनाया निशाना
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी प्रशांत शुक्ला का पीड़ित परिवार से पहले भी विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि राजकुमारी यादव का परिवार मजदूरी करके जीवनयापन करता है। आरोपी उनके पड़ोस में रहता है और किसी न किसी बात को लेकर परिवार से विवाद करता था। पुलिस के मुताबिक, इसी पुरानी रंजिश के कारण आरोपी तीन साल की बच्ची को जान से मारने की नीयत से अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रहा था। हालांकि, घटना के पीछे की पूरी परिस्थितियों की जांच पुलिस कर रही है।
पुलिस ने आरोपी युवक को किया गिरफ्तार
वारदात की सूचना मिलने के बाद सकरी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। आरोपी की तलाश करते हुए पुलिस ने प्रशांत शुक्ला (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बिलासपुर में अलग-अलग क्षेत्रों से चाकूबाजी की घटनाओं की जानकारी भी सामने आई है। तोरवा में पत्नी पर चाकू से हमला: पत्नी के रिश्तेदार के साथ चले जाने से नाराज पति ने सब्जी काटने वाले चाकू से उस पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हुई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मंदिर चौक में दो गुटों के बीच विवाद: दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान एक व्यक्ति पर नुकीली वस्तु से जानलेवा हमला किया गया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, खबर लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। सिरगिट्टी में दुकानदार पर हमला: गुरुद्वारे के पास रुपए के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि एक ग्राहक ने जलेबी काटने वाले चाकू से दुकान मालिक पर हमला कर दिया। घायल दुकानदार को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में भी खबर लिखे जाने तक पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। इन घटनाओं ने शहर में आपसी विवाद के दौरान धारदार हथियारों के इस्तेमाल और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
Next Story





