छत्तीसगढ़

रायपुर में लक्ष्मी पूजा का भव्य आयोजन कल

Nilmani Pal
8 Oct 2022 10:56 AM GMT
रायपुर में लक्ष्मी पूजा का भव्य आयोजन कल
x

रायपुर। त्रिलोकी मां कालीबाड़ी समिति, डॉ. राजेंद्र नगर द्वारा 9 अक्टूबर 2022 को कोजागरी लक्ष्मी पूजा का आयोजन किया जा रहा है। समिति के सचिव विवेक बर्धन ने बताया कि हिन्दू धर्म में कोजागरी पूजा का विशेष महत्व है, विशेष रूप से बंगाल, बिहार और ओडिशा में महिलाएं व्रत रखती हैं। देशभर में इसे शरद पूर्णिमा के नाम से जाना जाता है। बंगाल में कोजागरी पूजा को लक्ष्मी पूजा भी कहते हैं।

आश्विन मास की पूर्णिमा तिथि को माता लक्ष्मी की पूजा का विधान है। इस दिन मां लक्ष्मी की पूजा होती है जिसके फलस्वरूप मां की कृपा बनी रहती है और कभी धन की कमी नहीं होती है। बर्धन ने बताया कि हमारे सनातन हिन्दु धर्म की मान्यता है कि शरद पूर्णिमा के दिन मां लक्ष्मी समुद्र मंथन के समय प्रकट हुई थीं और यही वजह है कि शरद पूर्णिमा का त्योहार मां लक्ष्मी के जन्मोत्सव के रूप में धूमधाम से मनाया जाता है। शरद पूर्णिमा की रात चंद्रमा से अमृत बरसता है, इसलिए रात में चंद्रमा की रोशनी में खीर रखी जाती है तथा माता लक्ष्मी को भोग लगाया जाता है। मान्यता है कि इससे घर में सदा बरकत बनी रहती है, भोग-प्रसाद से सभी स्वस्थ रहते हैं और मां लक्ष्मी तथा भगवान विष्णु का आशीर्वाद मिलता है. बर्धन ने बताया कि राजेंद्र नगर स्थित मां काली मंदिर परिसर में रात 8 बजे से इस पूजा का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस दिन रात में जागरण कर माता लक्ष्मी और भगवान विष्णु की पूजा की जाएगी। इस हेतु तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।

Next Story