छत्तीसगढ़

राज्योत्सव 2026 का आज भव्य आगाज, CM साय करेंगे उद्घाटन, जानिए मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

Shubhra Nandy
1 Nov 2026 6:21 AM IST
राज्योत्सव 2026 का आज भव्य आगाज, CM साय करेंगे उद्घाटन, जानिए मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
x
नर्सिंग कॉलेज भूमिपूजन
रायपुर : छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आज 1 नवंबर 2026, रविवार को प्रदेशभर में उत्साह का माहौल है। इस खास अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का दिनभर का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री आज नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव 2026 के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। इसके अलावा वे श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में आयोजित विशेष समारोह, जनजातीय विद्यार्थियों के लिए नर्सिंग कॉलेज भवन के भूमिपूजन और छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में भी शिरकत करेंगे। जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास से कार द्वारा नवा रायपुर अटल नगर के लिए रवाना होंगे। वे सुबह 11:30 बजे संघ लेक पहुंचेंगे। यहां उनका समय आरक्षित रखा गया है। दोपहर 12 बजे वे संघ लेक से मुख्यमंत्री निवास के लिए प्रस्थान करेंगे और दोपहर 12:30 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री का अगला महत्वपूर्ण कार्यक्रम शाम 4:45 बजे शुरू होगा। वे मुख्यमंत्री निवास से कार द्वारा श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल, नवा रायपुर अटल नगर के लिए रवाना होंगे। शाम 5:15 बजे अस्पताल पहुंचकर विशेष समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान 45,000 निःशुल्क बाल हृदय शल्यचिकित्साओं की उपलब्धि के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति रहेगी। इसी अवसर पर मुख्यमंत्री जनजातीय विद्यार्थियों के लिए नर्सिंग कॉलेज भवन का भूमिपूजन भी करेंगे। यह कार्यक्रम चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन होगा। नर्सिंग कॉलेज भवन के निर्माण से जनजातीय विद्यार्थियों को स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध होने की उम्मीद है।
शाम 6 बजे राज्योत्सव 2026 का उद्घाटन
मुख्यमंत्री शाम 5:40 बजे श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल से राज्योत्सव मैदान के लिए रवाना होंगे। शाम 6 बजे नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान पहुंचेंगे, जहां छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित 'राज्योत्सव 2026' के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। राज्य स्थापना दिवस प्रदेश के लिए गौरव और उत्सव का अवसर है। छत्तीसगढ़ का गठन 1 नवंबर 2000 को हुआ था। इस वर्ष राज्य अपने गठन की 26वीं वर्षगांठ मना रहा है। राज्योत्सव के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और विकास यात्रा को विशेष पहचान मिलती है।
हॉकी लीग के विजेताओं को करेंगे पुरस्कृत
राज्योत्सव के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री शाम 7:30 बजे राज्योत्सव मैदान से रवाना होंगे। वे रात 8 बजे रायपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम पहुंचेंगे। यहां मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह में शामिल होंगे। इस आयोजन में खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री की उपस्थिति प्रदेश में खेल गतिविधियों और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री रात 9 बजे हॉकी स्टेडियम से प्रस्थान करेंगे और रात 9:15 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे। इसके बाद उनका समय आरक्षित रहेगा। इस तरह मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का राज्य स्थापना दिवस चिकित्सा सेवा, शिक्षा, सांस्कृतिक उत्सव और खेलों से जुड़े कार्यक्रमों के नाम रहेगा। विशेष रूप से शाम 6 बजे आयोजित होने वाला राज्योत्सव उद्घाटन समारोह आज के प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल है।
Next Story