छत्तीसगढ़

नवाचार और स्टार्टअप के लिए सरकार युवाओं की मदद को तैयार: चंद्रहास चंद्राकर

Shantanu Roy
8 Oct 2026 4:37 PM IST
नवाचार और स्टार्टअप के लिए सरकार युवाओं की मदद को तैयार: चंद्रहास चंद्राकर
x
छग
Mahasamund. महासमुंद. युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार और रचनात्मक क्षमता को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से आज शंकराचार्य भवन, महासमुंद में ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद, मां भारती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का बैच लगाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर,
स्काउट एवं गाइड
के जिला अध्यक्ष ऐतराम साहू, जिला पंचायत सदस्य जुगनू चंद्राकर, नगरपालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, जनपद सदस्य विजय लक्ष्मी जांगड़े एवं निधि चंद्राकर, पूर्व राज्य युवा आयोग सदस्य प्रशांत श्रीवास्तव, अमन वर्मा, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकसित छत्तीसगढ़ तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा एवं परिचर्चा आयोजित की गई। युवाओं ने भी विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं, विचार और सुझाव साझा किए।
छत्तीसगढ़ के युवा रचनात्मक और सकारात्मक सोच वाले - विश्व विजय सिंह तोमर
युवा उड़ान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि बीजापुर से प्रारंभ हुआ ‘युवा उड़ान’ कार्यक्रम आज महासमुंद सहित प्रदेश के 14वें जिले तक पहुंच चुका है। यह कार्यक्रम युवाओं से संवाद करने, उनकी प्रतिभा को पहचानने और उन्हें राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विजन और विष्णु के सुशासन से ही छत्तीसगढ़ विकसित होगा। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि “युवा जागो और तब तक मत रुको, जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए।” उन्होंने कहा कि आज युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। जीवन में सफलता के लिए कड़ी मेहनत ही एकमात्र विकल्प है। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। युवाओं को मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ना चाहिए और देश के विकास में अपना योगदान देना चाहिए।
तोमर ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा रचनात्मक और सकारात्मक सोच वाले हैं। वे अराजकता नहीं, बल्कि निर्माण और विकास में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश आज नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर निकलकर शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। जिन क्षेत्रों में कभी भय का वातावरण था, वहां आज युवा शिक्षा, रोजगार और विकास के नए अवसरों की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज की स्थापना का उदाहरण देते हुए कहा कि यह बदलते छत्तीसगढ़ की तस्वीर है। उन्होंने कहा कि एक समय कहा जाता था कि ‘पढ़ोगे-लिखोगे तो बनोगे नवाब और खेलोगे-कूदोगे तो होगे खराब’, लेकिन आज परिस्थितियां बदल चुकी हैं। खेल के क्षेत्र में भी युवाओं के लिए अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कबड्डी के राष्ट्रीय खिलाड़ी कोरबा की संजू देवी का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रदेश के अनेक खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। युवाओं को चाहिए कि वे अपनी प्रतिभा और हुनर को पहचानें तथा उसे निखारने के लिए उपलब्ध अवसरों का लाभ लें। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त करें और पात्रतानुसार उनका लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि युवा अपने सामर्थ्य का उपयोग स्वयं के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के विकास के लिए करें।
युवाओं की शक्ति से बनेगा विकसित भारत- चंद्रहास चंद्राकर
छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। युवाओं की शक्ति और ऊर्जा से भारत को विकसित भारत बनाने का लक्ष्य निश्चित रूप से पूरा किया जा सकता है और इसे कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि यदि कोई युवा नया विचार लेकर नवाचार करना चाहता है तो सरकार उसके साथ खड़ी है। युवाओं को स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहयोग और अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें ऐसे युवाओं की आवश्यकता है, जो अपने कार्यों से देश और समाज के लिए मिसाल बनें। युवा केवल प्रतिभावान ही नहीं, बल्कि नैतिक रूप से जिम्मेदार और संवेदनशील भी हों।
अपनी ऊर्जा और क्षमता को पहचानने का अवसर है युवा उड़ान - प्रशांत श्रीवास्तव
पूर्व राज्य युवा आयोग सदस्य प्रशांत श्रीवास्तव ने कहा कि युवा उड़ान कार्यक्रम युवाओं को अपनी बात रखने, अपनी क्षमता पहचानने और अपनी ऊर्जा को सही दिशा देने का अवसर प्रदान कर रहा है। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कार्यक्रम के आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। इसी तरह अमन वर्मा ने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। जो युवा जागरूक होता है, वही आगे बढ़ता है और अपने साथ समाज को भी आगे ले जाता है। उन्होंने कहा कि युवा उड़ान कार्यक्रम युवाओं को अपने लक्ष्य और जिम्मेदारियों के प्रति संकल्पित होने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
युवा अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य चुनें - कलेक्टर विनय कुमार लंगेह
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले की विकास उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि महासमुंद जिले में एक लाख से अधिक आवासों का निर्माण किया गया है, जो प्रदेश में उत्कृष्ट उपलब्धि है। ‘मोर गांव-मोर पानी’ अभियान में भी जिले ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। पिछले वर्ष और इस वर्ष भी बेहतर कार्यों के परिणामस्वरूप जिले को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त हुआ है।
कलेक्टर ने हाल ही में आयोजित सेवा सेतु अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस अभियान से युवाओं को भी जोड़ा गया और युवाओं ने सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में अपनी भागीदारी निभाई। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी रुचि, क्षमता और प्रतिभा के अनुरूप विषय और क्षेत्र का चयन करना चाहिए। जिस क्षेत्र में रुचि हो, उसी में पूरी लगन और मेहनत से आगे बढ़ने पर सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशा न केवल स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि युवा का भविष्य भी प्रभावित करता है। युवाओं की ऊर्जा राष्ट्र निर्माण की शक्ति है, इसलिए इसे सकारात्मक दिशा में उपयोग करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान खेल एवं शिक्षा सहित स्काउट गाइड, एनसीसी, एनएसएस, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने युवाओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
Next Story