सरकारी अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन ने किया अगली रणनीति का ऐलान, अब 22 अगस्त से रहेंगे हड़ताल पर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 25 से 29 जुलाई तक की हड़ताल समाप्त होते ही अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन ने अपनी अगली रणनीति का ऐलान कर दिया है। फेडरेशन ने कहा है कि वह 22 अगस्त से एक बार फिर से आंदोलन करने जा रहा है। पिछली हड़ताल के बाद प्रशासनिक आदेश जारी हुआ, कहा गया कि कर्मचारियों की इस हड़ताल को अनुशासनहीनता माना जाएगा, हड़ताल के दिनों का वेतन नहीं मिलेगा। इस आदेश से कर्मचारी संगठन बौखला गए हैं। कर्मचारियों ने अब एक बार फिर हड़ताल करने का ऐलान कर दिया है।
अगली हड़ताल का जिक्र करते हुए तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष अजय तिवारी, संरक्षक विजय कुमार झा ने कहा है कि, सरकार का आदेश कर्मचारियों के जले पर नमक छिड़कने की तरह है। एक तो महंगाई भत्ता और भाड़ा भत्ता नहीं दिया जा रहा है, ऊपर से कार्रवाई करने का आदेश जारी किया गया है। पदाधिकारियों ने इस आदेश के विरोध में एक बैठक की और सरकार के आदेश की प्रतियां जलाकर आंदोलन का ऐलान कर दिया।
