छत्तीसगढ़

बिलासपुर में सरकारी दफ्तर बना ‘मयखाना’! टेबल पर शराब और मटन संग डिप्टी रेंजर की महफिल, वीडियो वायरल

Shubhra Nandy
10 Nov 2026 8:33 AM IST
बिलासपुर में सरकारी दफ्तर बना ‘मयखाना’! टेबल पर शराब और मटन संग डिप्टी रेंजर की महफिल, वीडियो वायरल
x
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां वन विभाग का सरकारी कार्यालय विवादों के घेरे में आ गया है। सीपत वन परिक्षेत्र अधिकारी (Range Office) कार्यालय के भीतर कथित तौर पर शराब और मटन पार्टी किए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सरकारी दफ्तर के अंदर इस तरह की महफिल सजाए जाने की खबर फैलते ही विभाग में हड़कंप मच गया है।
क्या है पूरा मामला?
वायरल हो रहे वीडियो में दावा किया जा रहा है कि सीपत वन विभाग कार्यालय के भीतर बाकायदा शराब की बोतलें, चखना और मटन पार्टी का इंतजाम किया गया था। वीडियो में डिप्टी रेंजर लक्ष्मीकांत गढ़ेवाल कुछ बाहरी युवकों के साथ सरकारी टेबल पर जाम छलकाते और पार्टी करते नजर आ रहे हैं।
उठ रहे कई गंभीर सवाल

वनों और वन्यजीवों के संरक्षण के लिए नीतियां बनाने के लिए जिम्मेदार सरकारी कार्यालय में ही इस तरह की गतिविधियों का सामने आना, प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। क्या सरकारी कार्यालयों को निजी अय्याशी का अड्डा बनने की छूट दे दी गई है? क्या विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को इस महफिल के बारे में कोई जानकारी नहीं थी? अगर वायरल वीडियो में लगाए गए आरोप सच साबित होते हैं, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई, जैसे निलंबन या बर्खास्तगी की जाएगी?

निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। मांग की जा रही है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी कार्यालयों की मर्यादा बनी रहे। फिलहाल इस मामले में वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का आधिकारिक बयान और जांच रिपोर्ट आना बाकी है।
Next Story