छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को सरकार का सम्मान, भविष्य के चैंपियनों के लिए बढ़ी उम्मीदें

SHIDDHANT
29 Aug 2026 8:08 PM IST
छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को सरकार का सम्मान, भविष्य के चैंपियनों के लिए बढ़ी उम्मीदें
x
छग
Raipur रायपुर: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर में राज्य खेल अलंकरण समारोह-2026 का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के साथ जनप्रतिनिधियों और खेल जगत से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को विभिन्न पुरस्कारों और सम्मानों से सम्मानित किया गया।
समारोह में खिलाड़ियों को शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान और मुख्यमंत्री ट्रॉफी प्रदान की गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, हॉकी स्टेडियम और विभिन्न खेल अकादमियों के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस अवसर पर यह भी उल्लेख किया गया कि वर्ष 2005 में खिलाड़ियों को सम्मान के साथ आर्थिक प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से कैश प्राइज की शुरुआत की गई थी। समय के साथ इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और खेल से जुड़े अन्य प्रतिभाशाली लोगों को सम्मानित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में उम्मीद जताई गई कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। विशेष रूप से 2030 में अहमदाबाद में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों और ओलंपिक जैसे बड़े मंचों पर प्रदेश के खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद व्यक्त की गई। समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद विजय बघेल सहित विधायक, बोर्ड-मंडल-आयोग के अध्यक्ष, विभिन्न खेल संगठनों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Next Story