छत्तीसगढ़

गिरौदपुरी जा रहा मालवाहक पलटा, 15 घायल; 4 की हालत गंभीर

SHIDDHANT
30 Aug 2026 10:35 PM IST
गिरौदपुरी जा रहा मालवाहक पलटा, 15 घायल; 4 की हालत गंभीर
x
छग
Nawagarh नवागढ़। पीपरमाटी गांव से गिरौदपुरी जा रहा एक मालवाहक वाहन नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम प्रतापपुर के पास केनाल मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वाहन में सवार 15 लोग घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर बताई गई है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
केनाल मोड़ पर अचानक अनियंत्रित हुआ वाहन
जानकारी के अनुसार, मालवाहक में करीब 25 लोग सवार होकर पीपरमाटी से गिरौदपुरी की ओर जा रहे थे। प्रतापपुर के पास केनाल मोड़ पर पहुंचते ही वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। वाहन के पलटते ही उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही प्रतापपुर के पूर्व सरपंच मनीष साहू सहित स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की।
112 और 108 की टीम ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही नवागढ़ और दाढ़ी थाना क्षेत्र से 112 की टीम मौके पर पहुंची। अधिक चोट लगे लोगों को तत्काल नवागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इसके बाद अन्य घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल लाया गया। स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर की मदद से दुर्घटनाग्रस्त मालवाहक को सड़क से हटाया। बाद में नवागढ़ पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में ले लिया।
चार घायलों को कवर्धा रेफर किया गया
बीएमओ डॉ. एम. रजा के अनुसार, हादसे के बाद कुल 15 घायलों को नवागढ़ अस्पताल लाया गया था। इनमें लक्ष्मी (16), आशीष (17), सूरज (40) और सुनील (23) को गंभीर चोटें आई थीं। लक्ष्मी को गंभीर चोट, जबकि आशीष और सूरज के सिर में गंभीर चोटें बताई गईं। सुनील के सिर में चोट आने के कारण सभी चारों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कवर्धा रेफर किया गया। अन्य घायलों में उत्तम (10), गौतम (14), सुरेखा (25), रविंदर (37), प्रमोद (30), ज्ञान सिंह, तरुण (12), तीजन (65), रवि (35), नोहर दास (15) और रित (15) शामिल हैं। उपचार के बाद इन सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
मालवाहक में करीब 25 लोग थे सवार
नवागढ़ थाना प्रभारी भुवनेश्वर यादव ने बताया कि मालवाहक में करीब 25 लोग सवार थे और सभी पीपरमाटी से गिरौदपुरी जा रहे थे। प्रतापपुर के पास केनाल मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। पुलिस ने वाहन को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल और वाहन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
Next Story