छत्तीसगढ़

स्टेशन मास्टरों के लिए अच्छी खबर, अब मिलेगा अतिरिक्त ड्यूटी भत्ता

Nilmani Pal
15 March 2022 9:26 AM GMT
स्टेशन मास्टरों के लिए अच्छी खबर, अब मिलेगा अतिरिक्त ड्यूटी भत्ता
x

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य स्टेशन प्रबंधक व स्टेशन प्रबंधकों (स्टेशन मास्टर) को अब अतिरिक्त ड्यूटी भत्ता मिलेगा। रेलवे ने 2019 से इसे बंद कर दिया था। भत्ता न देकर उनसे अतिरिक्त समय सेवाएं ली जा रही थी। इसे लेकर स्टेशन प्रबंधकों में खासा नाराजगी थी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे श्रमिक यूनियन समेत अन्य यूनियनों इसे मुद्दों को उठाया और रेल प्रशासन से मांग की। उनकी पहल कारगर साबित हुई। अब रेल प्रशासन ने उन्हे ड्यूटी भत्ता देने का निर्णय लिया है। अच्छी बात यह है कि 2019 से अब तक और आगे भी यह व्यवस्था लागू रहेगी।

स्टेशन प्रबंधक भी रेलवे के फ्रंट लाइन स्टाफ होते हैं। ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन, स्टेशन में ठहराव आदि भी स्टेशन मास्टरों की अहम भूमिका होती है। नियमानुसार इनका ड्यूटी रोस्टर आठ घंटे का है। पर रेलवे की लचर व्यवस्था और स्टाफ की कमी के कारण 10 से 12 घंटे तक काम कराया जा रहा है। लेकिन बदले में अतिरिक्त ड्यूटी भत्ता नहीं दिया जाता। इससे स्टेशन प्रबंधक नाराज थे और कई बार रेल प्रशासन के समक्ष मांग की।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे अंतर्गत तीन रेल मंडल आते हैं। इन्हें मिलाकर 1049 मुख्य स्टेशन प्रबंधक व स्टेशन प्रबंधक है। जिन्हें इसका लाभ मिलेगा। बिलासपुर रेल मंडल में 318 स्टेशन प्रबंधक व 153 मुख्य स्टेशन प्रबंधक है। इसी तरह रायपुर में 158 व 84 एवं नागपुर रेल मंडल 202 स्टेशन प्रबंधक एवं 134 मुख्य स्टेशन प्रबंधक है।


Next Story