छत्तीसगढ़

रिटायर्ड जवानों के लिए अच्छी खबर

Nilmani Pal
7 April 2026 11:42 AM IST
रिटायर्ड जवानों के लिए अच्छी खबर
x

बिलासपुर। पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत और जनहितकारी बनाने की दिशा में बिलासपुर पुलिस ने एक नई पहल की शुरुआत की है. पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने “सियान चेतना” अभियान के तहत जिले के रिटायर्ड पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को फिर से सक्रिय भूमिका में जोड़ने का निर्णय लिया है.

इस पहल के तहत अब सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी अपने अनुभव का उपयोग करते हुए समाज और पुलिस के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में काम करेंगे. बिलासपुर पुलिस की यह पहल एक नए मॉडल के रूप में सामने आ रही है, जिसे भविष्य में अन्य जिलों में भी अपनाया जा सकता है. इस निर्णय को लेकर पुलिस मैदान स्थित बिलासा गुड़ी में एक विशेष बैठक आयोजित की गई. बैठक में बड़ी संख्या में रिटायर्ड पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के साथ वर्तमान पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे. बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे, आरआई भूपेंद्र गुप्ता सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए.

बैठक में एसएसपी रजनेश सिंह ने रिटायर्ड पुलिसकर्मियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपीं. उनका मुख्य उद्देश्य कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, समाज में जागरूकता फैलाना और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना होगा.

बिलासपुर पुलिस पहले ही ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर पुलिसिंग को मजबूत कर चुकी है. अब इस नई पहल के जरिए अनुभवी रिटायर्ड पुलिसकर्मियों को जोड़कर पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है. साथ ही, बेसिक पुलिसिंग के तहत बीट प्रणाली को भी प्रभावी तरीके से लागू किया गया है, जिससे क्षेत्रीय स्तर पर निगरानी और बेहतर होगी.

Next Story