छत्तीसगढ़

चर्म रोग से जूझ रही बच्चियों का होगा इलाज, मंत्री टीएस सिंहदेव ने लिया संज्ञान में

Nilmani Pal
26 Jun 2023 4:24 AM GMT
चर्म रोग से जूझ रही बच्चियों का होगा इलाज, मंत्री टीएस सिंहदेव ने लिया संज्ञान में
x

बस्तर। जिले की 2 मासूम बच्चियां दुर्लभ चर्म रोग से जूझ रही हैं। बच्चियों के पूरे शरीर में फफोले हो गए हैं और यह फूटकर जख्म बन रहे हैं। शरीर की चमड़ी उखड़ रही, सिर के बाल झड़ रहे हैं। दर्द और जलन की वजह से इन्हें कपड़े पहनाना भी मुश्किल हो गया है। खबर मीडिया में आने के बाद स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव ने कहा है कि, अधिकारियों को मामले की जानकारी दे दी गई है। जरूरत पड़ी बच्चियों को जल्द अस्पताल में एडमिट कराया जाएगा।

बता दे कि, दोनों बच्चियों ने अपनी इस दुर्लभ बीमारी की वजह से पढ़ाई छोड़ दी है। हर महीने इनके इलाज के लिए 5 हजार से ज्यादा रुपए खर्च हो रहे हैं। अब हालात ऐसे हो गए हैं कि, इनके गरीब किसान पिता ने इलाज के लिए खेत को भी गिरवी रख दिया है। दरअसल, ये दोनों बच्चियां ममता बघेल (09) और फेमेश्वरी बघेल (11) जिले के बस्तर ब्लॉक के चोकर गांव की रहने वाली है।

जन्म के 6 महीने बाद से दोनों दुर्लभ चर्म रोग से ग्रसित हो गईं थीं। वैज्ञानिक भाषा में इस बीमारी को 'एपिडर्मोलिसिस बुलोसा' कहा जाता है। इस बीमारी की वजह से इनके शरीर में ठीक वैसे ही फफोले पड़ रहे हैं जैसे आग या उबलते पानी से त्वचा के झुलस जाने के बाद होते हैं। कुछ समय बाद ये फफोले फूट जाते हैं। इसके पानी से धीरे-धीरे उस जगह पर जख्म बन जाता है। सिर से लेकर पैर तक इनके शरीर में ऐसे ही कई जख्म बन चुके हैं।


Next Story