छत्तीसगढ़

बेवफाई करने पर प्रेमिका को दी मौत की सजा, प्रेमी गिरफ्तार

Nilmani Pal
20 Sep 2022 9:26 AM GMT
बेवफाई करने पर प्रेमिका को दी मौत की सजा, प्रेमी गिरफ्तार
x

रायगढ़। जिले में कब्र खोदकर निकाली गई महिला की लाश मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में मृतका कांति यादव के प्रेमी अजय उर्फ खगेश्वर यादव को जशपुर जिले के कुनकुरी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने कहा कि, उसकी प्रेमिका उसे धोखा दे रही थी और उसका किसी और के साथ भी अवैध संबंध था। इस हत्या के पीछे की वजह बताई जा रही है कि, उसकी प्रेमिका कांति यादव (45 वर्ष) की किसी और युवक से भी संबंध थे। आरोपी खगेश्वर यादव ने कहा कि उसे अपने किए का कोई पछतावा नहीं है। वो कांति यादव से बहुत प्यार करता था और उसके लिए अपनी पत्नी और दो बच्चों को भी छोड़ चुका था, लेकिन कांति ने उसके साथ बेवफाई की थी।

आरोपी युवक का कहना है कि, अगस्त के महीने में अपनी दादी के निधन पर वो दशकर्म संस्कार में कुनकुरी गया था। उसने कांति को भी साथ चलने को कहा, लेकिन उसने इनकार कर दिया था, ऐसे में वो खुद ही अकेला चला गया। 14 अगस्त को जब वो वापस रायगढ़ लौटा, तो घर का दरवाजा खुला देख अंदर आ गया। अंदर उसकी प्रेमिका कांति यादव किसी पराए मर्द के साथ उसे आपत्तिजनक हालत में मिली।

आरोपी खगेश्वर ने कहा कि उसे देख वो व्यक्ति वहां से फरार हो गया। उसने कहा कि वो उस आदमी को नहीं जानता। इधर जब उसने कांति से इस बारे में पूछा, तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। इस पर उसे बहुत गुस्सा आ गया और उसने कांति को थप्पड़ मारे और उसका सिर दीवार पर पटक दिया। इससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने दूसरे दिन अपने घर के आंगन में गड्ढा किया और कांति की लाश दफन कर फरार हो गया।

CSP दीपक मिश्रा ने कहा कि कांति यादव की लाश जब जमीन में दफन मिली, तो उसके साथ रहने वाले प्रेमी अजय उर्फ खगेश्वर की तलाश के लिए लैलूंगा और चक्रधर नगर पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। SP अभिषेक मीणा के निर्देश पर दो टीमों का गठन किया गया।टीम में चक्रधर नगर के प्रधान आरक्षक सतीश पाठक के साथ आरक्षक संदीप मिश्रा, शैलेन्द्र पैकरा, हेमप्रकाश को शामिल किया गया, जो लैलूंगा के उपनिरीक्षक बलदेव सिंह पैकरा और उनके साथी आरक्षक हेलारियुस तिर्की और राजू तिग्गा के साथ जशपुर रवाना हुए।

चूंकि खगेश्वर उर्फ अजय यादव मूलत: जशपुर जिले के कुनकुरी के ग्राम लोटापानी का रहने वाला था, इसलिए पुलिस टीम कुनकुरी गई और वहां के थाना प्रभारी भास्कर शर्मा को घटना की जानकारी देते हुए मदद मांगी। इसके बाद लोटापानी में आरोपी के घर पर छापा मारा गया, तो वो वहां नहीं मिला। ये जरूर पता चला कि वो आसपास के जंगल में ही छिपा बैठा है। इसके बाद पुलिस ने लोटापानी से लगे जंगल में एक मकान से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वो वहां बैठकर शराब पीता हुआ मिला। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कुनकुरी से रायगढ़ लाया गया है।

Next Story