छत्तीसगढ़

बंद कमरें में गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड ने की ख़ुदकुशी, पुलिस ने मामले में की त्वरित कार्रवाई

Shantanu Roy
6 April 2024 3:00 PM GMT
बंद कमरें में गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड ने की ख़ुदकुशी, पुलिस ने मामले में की त्वरित कार्रवाई
x
छग
रायपुर। रायपुर में बॉयफ्रेंड ने अपनी नाबालिग गर्लफ्रेंड के साथ फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। परिजनों ने दोनों को एक कमरे में पकड़ लिया, तो बेदम पिटाई कर दी। जिससे लड़के का सिर फूट गया। परिवार ने कमरे की बाहर से कुंडी लगा दी। जिसके बाद डर के कारण दोनों ने आत्महत्या कर ली। इस मामले में तिल्दा पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में नाबालिग लड़की के मां, चाचा और बड़े पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला शुक्रवार-शनिवार की रात का है।

दरअसल, 18 साल का सन्नी साहू अपनी 15 साल की नाबालिग गर्लफ्रेंड से मिलने के लिए शुक्रवार रात 9 बजे उसके घर पहुंचा। दोनों एक कमरे में घुसे थे। इस बीच लड़की के घर वालों ने उन्हें पकड़ लिया। उसके चाचा, बड़े पिता और मां ने कमरे के अंदर घुसकर लड़के की पिटाई की और डंडे से उसका सिर फोड़ दिया। लड़की के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। इस मारपीट के बाद घर वालों ने दोनों को एक कमरे पर बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी। फिर वे बाहर से दोनों को धमकी देने लगे। जिससे कमरे के अंदर बंद दोनों प्रेमी डर गए। उन्होंने दरवाजे को अंदर से बंद कर लिया। कुछ देर बाद लड़की की मां ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं खुला।

देर रात तक हंगामा चलता रहा। जब अंदर से आवाज आना बंद हो गया, तो कुछ देर बाद घर वालों को शक हुआ। वे दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे। तो सन्नी साहू अपनी गर्लफ्रेंड के साथ पंखे पर लटका हुआ था। दोनों की मौत हो चुकी थी। जिसके बाद तिल्दा-नेवरा पुलिस को सूचना दी गई। सन्नी साहू के खिलाफ जून 2023 में नाबालिग को भगाने के मामले में केस दर्ज हुआ था। जिसे लेकर वह माना के नाबालिग संरक्षण केंद्र में करीब डेढ़ महीने बंद था। वहां से वापस आने के बाद उसका वापस नाबालिग से मिलना जुलना शुरू हो गया था। इस मामले में पुलिस ने नाबालिग की मां कृति वैष्णव, चाचा मुकेश वैष्णव और बड़े पिता चंदू वैष्णव को जेल भेज दिया है। इन पर आरोप है कि इन्होंने दोनों को आत्महत्या के लिए उकसाया है। इस मामले में पुलिस अब आगे की कार्रवाई कर रही है।
Next Story