छत्तीसगढ़

मनेंद्रगढ़ के 25 स्कूलों में स्मार्ट क्लास की सौगात, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया शुभारंभ

Shantanu Roy
23 May 2025 3:54 PM IST
मनेंद्रगढ़ के 25 स्कूलों में स्मार्ट क्लास की सौगात, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया शुभारंभ
x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ में डिजिटल शिक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आज एचडीएफसी बैंक के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) मद से वित्तपोषित मनेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के 25 स्कूलों में स्मार्ट क्लास परियोजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस पहल के अंतर्गत चयनित 25 शासकीय विद्यालयों में अत्याधुनिक स्मार्ट क्लासरूम स्थापित किए गए हैं, जिनमें डिजिटल बोर्ड, प्रोजेक्टर, साउंड सिस्टम, उच्च गति इंटरनेट कनेक्शन और शिक्षण सॉफ्टवेयर की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य ग्रामीण एवं अर्द्ध-शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को ऑडियो-विजुअल आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।



शिक्षा में तकनीकी नवाचार की पहल
शुभारंभ अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा, "आज की शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। हमें बच्चों को ऐसे संसाधन देने होंगे, जो उन्हें 21वीं सदी की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करें। स्मार्ट क्लास इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिससे विद्यार्थी जटिल विषयों को भी रोचक एवं सरल तरीके से सीख सकेंगे।" उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और तकनीकी समावेशन को प्राथमिकता दे रही है, और ऐसे प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी बड़े शहरों जैसी सुविधाएं मिल रही हैं।
शिक्षक और छात्रों के लिए लाभकारी
इस योजना से न केवल छात्र लाभान्वित होंगे, बल्कि शिक्षकों के लिए भी यह एक सशक्त शिक्षण उपकरण साबित होगा। शिक्षकों को अब पाठ्यक्रम आधारित डिजिटल कंटेंट, एनिमेशन, वीडियो और इंटरैक्टिव प्रश्नोत्तरी जैसे संसाधनों की मदद से पढ़ाने का अवसर मिलेगा, जिससे कक्षा में सहभागिता बढ़ेगी और बच्चों की समझ बेहतर होगी।
एचडीएफसी बैंक की सीएसआर पहल
एचडीएफसी बैंक द्वारा इस परियोजना को कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत प्रायोजित किया गया है। बैंक अधिकारियों ने बताया कि उनका उद्देश्य है कि ग्रामीण भारत के विद्यालयों को भी स्मार्ट शिक्षा से जोड़कर उन्हें तकनीकी रूप से सक्षम बनाया जाए। यह परियोजना शिक्षा में समानता और समावेशिता की दिशा में भी एक सार्थक पहल मानी जा रही है।
इन विद्यालयों में हुआ है स्मार्ट क्लास का शुभारंभः
1. शासकीय प्राथमिक शाला रतनपुर
2. शासकीय माध्यमिक शाला रतनपुर
3. सरस्वती शिशु मंदिर मनेन्द्रगढ़
4. शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला खड़गवां
5. शासकीय प्राथमिक शाला उधनापुर
6. शासकीय प्राथमिक शाला अखराडांड
7. शासकीय प्राथमिक शाला देवाडांड
8. शासकीय प्राथमिक विद्यालय सलका
9. सरस्वती शिशु मंदिर झगराखांड
10. सरस्वती शिशु मंदिर बड़ाबाजार
11. शासकीय प्राथमिक शाला धनपुर
12. शासकीय प्राथमिक शाला पोड़ीडीह
13. शासकीय प्राथमिक शाला चंवारीडांड
14. शासकीय प्राथमिक शाला बरदर
15. शासकीय प्राथमिक शाला दुबछोला
16. शासकीय प्राथमिक शाला ठग्गांव
17. शासकीय प्राथमिक शाला कोड़ा
18. शासकीय प्राथमिक शाला मझौली
19. शासकीय माध्यमिक शाला खड़गवां
20. शासकीय प्राथमिक शाला खड़गवां
21. सरस्वती शिशु मंदिर डोमनहिल
22. सरस्वती शिशु मंदिर खड़गवां
23. सरस्वती शिशु मंदिर सरभोका
24. शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला मनेंद्रगढ़
25. शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोदरीपारा
Next Story