
गरियाबंद। कलेक्टर बी.एस. उइके एवं पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के अगुवाई में आज प्रातः 8.00 बजे से संयुक्त जिला कार्यालय गरियाबंद के प्रांगण से तिरंगा यात्रा शुरू की गई। जो शहर के विभिन्न चौक-चौराहों से होते हुए तिरंगा चौक के गुजरकर गांधी मैदान में राष्ट्रगान गाकर तिरंगा यात्रा का समापन किया गया।
कलेक्टर उइके ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा की जब भी बात आएगी तो हमारे देशवासी संगठित रहते है। हमारे देश के सभी नागरिक भारतीय सेना के साथ है। उन्होंने बताया कि तिरंगा यात्रा में सभी वर्गों के लोग, जिले के आर्मी के सेवानिवृत्त सैनिक, पुलिस के जवान, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी, समाज सेवी संगठन, आम नागरिक, जनप्रतिनिधि महिला एवं पुरुष, बच्चों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर एकजुटता, देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया है।
पुलिस अधीक्षक राखेचा ने कहा कि भारतीय सेना ने आपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान के आतंकवादी ठिकानों को पूरी तरह धराशायी कर दिया। हम सभी अपनी सेना के अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम को नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे देश की सेना कुशल रणनीति के कारण देश का सम्मान गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर अभी स्थगित हुआ है। हमारी सेना के नेतृत्व में देश पुरी तरह सुरक्षित है। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और देश की आन, बान और शान, भारतीय सैनिकों के साहस, शौर्य और पराक्रम को नमन करते हुए आज निकली गई तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। जिसमें सभी धर्म, जाति, संप्रदाय और सभी वर्गों के लोग भारत माता की जय के गगनभेदी नारों के साथ हाथ में तिरंगा थामे शामिल हुए। इसके अलावा जिले के सभी विकासखण्ड मुख्यालयों एवं ग्राम पंचायतों में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।





