छत्तीसगढ़
पिकअप में बने चेंबर से मिला 50 लाख का गांजा, बिहार का तस्कर गिरफ्तार
Shantanu Roy
24 Sept 2026 9:20 PM IST

x
छग
Balrampur. बलरामपुर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बलरामपुर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बोलेरो पिकअप वाहन से 109.235 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई गई है। तस्करी के लिए पिकअप के डाले के नीचे विशेष रूप से गुप्त चेंबरनुमा बॉक्स बनाया गया था, जिसमें गांजे के 100 पैकेट छिपाकर रखे गए थे। पुलिस के मुताबिक गांजे की खेप ओडिशा से बिहार ले जाई जा रही थी। मामले में बिहार निवासी वाहन चालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान योगीराज पिता ऐशन शाह, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम कतिकनार, वार्ड क्रमांक 05, थाना नवानगर, जिला बक्सर, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार, ओडिशा से बलरामपुर के रास्ते बिहार की ओर होने वाली गांजा और अन्य अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पहले एनडीपीएस एक्ट के मामलों में शामिल रहे आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ तकनीकी सूचनाओं का विश्लेषण किया जा रहा है। अंतर्राज्यीय मार्गों पर भी संदिग्ध वाहनों की जांच बढ़ाई गई है।
इसी अभियान के दौरान कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि ओडिशा से बड़ी मात्रा में गांजा लेकर एक पिकअप वाहन बलरामपुर के रास्ते बिहार की ओर जाने वाला है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने संभावित रास्तों पर मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए निगरानी बढ़ा दी। 24 सितंबर की मध्य रात्रि पुलिस टीम ने एमसीपी यानी मोबाइल चेक पोस्ट लगाकर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान अंबिकापुर की ओर से सफेद रंग का बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक JH10AQ5144 आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की और पिकअप की तलाशी शुरू की।
तलाशी के दौरान पुलिस को पिकअप के डाले के नीचे कुछ संदिग्ध दिखाई दिया। बारीकी से जांच करने पर पता चला कि डाले के नीचे गुप्त चेंबरनुमा बॉक्स बनाया गया था। इसके बाद पुलिस टीम ने डाले को अलग कर छिपे हुए हिस्से की जांच की। चेंबर के अंदर बड़ी संख्या में पैकेट रखे मिले। पुलिस ने सभी पैकेट बाहर निकलवाए। जांच में उनमें गांजा मिला। कुल 100 पैकेट बरामद किए गए। मौके पर वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा 109.235 किलोग्राम पाई गई। पुलिस ने बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई है।
पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल बोलेरो पिकअप को भी जब्त कर लिया है। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ और जांच में गांजे को ओडिशा से बिहार ले जाने की बात सामने आई है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि गांजे की खेप ओडिशा में कहां से ली गई थी और बिहार में इसकी डिलीवरी किसे की जानी थी। इसके साथ ही इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा दीपक कुमार झा एवं पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने मादक पदार्थों की अंतर्राज्यीय तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
मामले में सिटी कोतवाली बलरामपुर में अपराध क्रमांक 167/2026 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख)(2)(ग) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब जब्त वाहन से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तकनीकी जानकारियों की भी जांच कर रही है। आरोपी के संपर्कों और गांजा तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





