
x
छग
Chhattisgarh छत्तीसगढ़: रायगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थ गांजा के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 18 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 81 हजार रुपये आंकी गई है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक नीले रंग की स्कूटी में तीन व्यक्ति अवैध गांजा लेकर रायगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना साइबर प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक के नेतृत्व में थाना साइबर और थाना चक्रधरनगर की संयुक्त टीम ने ग्राम सम्बलपुरी मेन रोड पर नाकेबंदी की।
कुछ समय बाद मुखबिर के बताए अनुसार एक नीले रंग की स्कूटी वहां पहुंची, जिसे रोककर पुलिस ने तीनों संदिग्धों से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम विजय एक्का, हेमसागर यादव और परमेश्वर यादव बताए। तलाशी के दौरान आरोपी हेमसागर यादव के कब्जे में रखे दो बोरों से गांजा बरामद हुआ। मौके पर गवाहों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर गांजे का वजन कराया गया, जिसमें कुल 18 किलो 100 ग्राम गांजा पाया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा से गांजा लाकर रायगढ़ में बिक्री करने के लिए जा रहे थे। पुलिस ने उनके पास से मोबाइल फोन और गांजा परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त कर ली है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 2 लाख 11 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में विजय एक्का (34), हेमसागर यादव (43) और परमेश्वर यादव (45) शामिल हैं। तीनों के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए अभियान जारी रहेगा।
Next Story





