छत्तीसगढ़

गणेश जी छत्तीसगढ़ी परिवेश में नजर आ रहे, भव्य पंडाल लोगों को कर रहे आकर्षित

Nil dhankar
31 Aug 2025 11:32 AM IST
गणेश जी छत्तीसगढ़ी परिवेश में नजर आ रहे, भव्य पंडाल लोगों को कर रहे आकर्षित
x

राजनांदगांव। शहर के दीवान पारा में फ्रेंड्स क्लब गणेश उत्सव समिति द्वारा छत्तीसगढ़ी सभ्यताओं पर आधारित पूजा पंडाल सजाया गया है। इस पूजा पंडाल में भगवान गणेश को बाल रूप में अठखेलियां करते दिखाया गया है।

पूरे पंडाल को मिट्टी और घास-फूस खादर से निर्मित घर के रूप में बनाया गया है, जो गांव के पुराने दौर में सुसज्जित और व्यवस्थित घर को प्रदर्शित कर रहा है। विलुप्त होते छत्तीसगढ़ी परिवेश को गणेश पूजा पंडाल के माध्यम से लोगों के सामने लाने और पुराने दौर में उपयोग किए जाने वाले घरेलू सामग्रियों की अहमियत दिखाने और नई पीढ़ी को इनसे वाकिफ कराने के लिए पंडाल सजाया गया है। इस पंडाल में छत्तीसगढ़ी परिधान में एक महिला को करधन, सुता, मुंदरी सहित अन्य पारंपरिक श्रृंगार में दिखाया गया है, जो चूल्हे में तवे पर रोटियां बना रही है।

वहीं भगवान गणेश को अपने बाल सखा के पीठ पर सवारी करते दिखाया गया हैं। जो खुशहाल परिवार के साथ छत्तीसगढ़ की समृद्धि को दर्शा रहा है। इस गणेश पंडाल में आने वाले बुजुर्ग पुराने वस्तुओं को देखकर निहार रहे हैं, तो वही युवा और बच्चों के लिए यह सामग्री काफी आकर्षित करने वाली है।

Next Story