छत्तीसगढ़

रायपुर में गणेश विसर्जन की झाकियां निकली, देखें VIDEO...

Shantanu Roy
8 Sept 2025 10:29 PM IST
रायपुर में गणेश विसर्जन की झाकियां निकली, देखें VIDEO...
x
800 से ज्यादा जवान शहर में तैनात
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में गणेश विसर्जन चल समारोह का भव्य आयोजन सोमवार शाम 8 बजे से शुरू हुआ। शहरभर में विराजित गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन महादेव घाट में प्रस्तावित है। इस वर्ष भी गणेश उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए कड़े इंतजाम किए हैं। विशेष रूप से 800 पुलिसकर्मियों को विभिन्न प्रमुख स्थानों पर तैनात किया गया है। साथ ही तेज आवाज वाले डीजे जब्त करने और क्राइम रोकने के लिए ड्रोन से निगरानी की जा रही है।


झांकियों की शुरुआत और मार्ग
तेलघानी नाका से प्रारंभ होकर राठौर चौक, गुरूनानक चौक, एम.जी. रोड, शारदा चौक, जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, सदर बाजार, कंकालीपारा, पुरानी बस्ती, लाखेनगर, सुंदर नगर और रायपुरा होते हुए महादेव घाट तक झांकियों का आयोजन किया गया है। शारदा चौक पर झांकियों को टोकन देकर आगे बढ़ाया गया। झांकियां जयस्तंभ चौक से होते हुए मालवीय रोड और सदर बाजार की ओर बढ़ीं। इसके बाद कंकालीपारा, पुरानी बस्ती और लाखेनगर से होते हुए सुन्दर नगर मार्ग से रायपुरा अंडरब्रिज होते हुए महादेव घाट विसर्जन स्थल तक पहुंचेंगी।



इस साल की विशेष झांकियां
इस बार की झांकियों में अलग-अलग थीम देखने को मिल रही है। श्रद्धालु ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ‘राफेल विमान’ की झांकियों को देखने के लिए उत्साहित हैं। एक झांकी में भगवान गणेश को छत्तीसगढ़ी पारंपरिक परिधान में दर्शाया गया है, जिससे स्थानीय संस्कृति का भी सुंदर प्रदर्शन हो रहा है। राफेल विमान की झांकी ने युवाओं और बच्चों का ध्यान आकर्षित किया। श्रद्धालु झांकियों के साथ फोटो भी खींचते नजर आए।

सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की भूमिका
सुरक्षा के मद्देनज़र रायपुर पुलिस ने 800 जवानों को विभिन्न प्रमुख बिंदुओं पर तैनात किया है। इसके अलावा, ड्रोन की मदद से पूरे मार्ग की निगरानी की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि तेज आवाज वाले डीजे और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की जाएगी। भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिसकर्मी हर चौराहे पर सक्रिय हैं। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से शांति बनाए रखने और निर्देशों का पालन करने की अपील की है।


यातायात डायवर्सन
चल समारोह मार्ग पर रात्रि 8 बजे से सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया है। प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं, ताकि आम नागरिकों को परेशानी न हो।
डायवर्सन के मुख्य बिंदु:
महादेव घाट से रायपुरा होकर अमलेश्वर की ओर जाने वाले वाहन खारून पुल से नहीं जा सकेंगे। इन्हें भाठागांव, काठाडीह और दतरेगा होकर भेजा जाएगा।
तेलीबांधा-शास्त्री चौक से जी.ई. रोड होकर टाटीबंध की ओर जाने वाले वाहन शास्त्री चौक से कालीबाड़ी, पचपेढ़ी नाका होते हुए रिंग रोड-01 से जा सकते हैं।
खमतराई-फाफाडीह होकर जाने वाले वाहन रिंग रोड-02 से डायवर्ट किए गए हैं।
धमतरी रोड और पचपेढ़ीनाका से रेलवे स्टेशन, मेकाहारा की ओर जाने वाले वाहन कालीबाड़ी चौक, शास्त्री चौक और मरही माता चौक से होकर आवागमन कर सकते हैं।
पार्किंग व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में पार्किंग की व्यवस्था की गई है:
तेलीबांधा, पंडरी, राजा तालाब क्षेत्र: शहीद स्मारक भवन के पास पार्किंग।
कटोरा तालाब, टिकरापारा क्षेत्र: गांधी मैदान के पास पार्किंग।
मठपारा, पुरानी बस्ती क्षेत्र: धरना स्थल इंडोर स्टेडियम के पास पार्किंग।
आश्रम, लाखेनगर, समता-चौबे क्षेत्र: ईदगाह भाठा मैदान और नवीन मार्केट में पार्किंग।
श्रद्धालुओं से अपील
प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें, भीड़ में धैर्य रखें और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। किसी भी प्रकार की अफवाह से बचें और आपसी सहयोग से आयोजन को सफल बनाएं।
Next Story