छत्तीसगढ़

घर में सजा था जुए का फड़, दुर्ग पुलिस ने मारी रेड; 12 गिरफ्तार

SHIDDHANT
30 Aug 2026 9:22 PM IST
घर में सजा था जुए का फड़, दुर्ग पुलिस ने मारी रेड; 12 गिरफ्तार
x
कैम्प-1 में घर बना जुए का अड्डा!
Durg दुर्ग। जिले में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना छावनी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 34 कैम्प-1 में एक घर के अंदर चल रहे जुआ फड़ पर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 12 आरोपियों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 3 लाख 16 हजार 930 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और 12 मोबाइल फोन बरामद किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 5 लाख 16 हजार 930 रुपये बताई गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, थाना छावनी पुलिस को सूचना मिली थी कि वार्ड 34 कैम्प-1 स्थित एक घर में कुछ लोग अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना छावनी पुलिस और एसीसीयू की टीम ने तत्काल मौके के लिए रवाना होकर घर की घेराबंदी की। इसके बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से रेड की। अचानक पुलिस की कार्रवाई से जुआ खेल रहे लोगों में हड़कंप मच गया। टीम ने मौके से 12 व्यक्तियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से बड़ी मात्रा में नकदी, ताश की गड्डियां और मोबाइल फोन बरामद किए गए।
लाखों की नकदी और मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 3,16,930 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा 52 पत्ती ताश और अलग-अलग कंपनियों के 12 टच स्क्रीन मोबाइल भी जब्त किए गए हैं। मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह पुलिस की कार्रवाई में कुल 5,16,930 रुपये की सामग्री जब्त की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से जुआ खेल रहे थे। मामले में थाना छावनी में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
12 आरोपियों पर कार्रवाई
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें महेंद्र कुमार सोनकर, कलीम खान, जी शिवा शंकर राव, आशीष ताम्रकार, श्रीधर्मांझी, प्रेमचंद, ऐन धन राजू, भगवत प्रसाद, सपन चंद्र डे, राजेंद्र कुमार कौशिक, दिनेश साओ और बलजिन्दर सिंह शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
जुआ-सट्टे के खिलाफ अभियान जारी
दुर्ग पुलिस का कहना है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस टीमों द्वारा सूचना तंत्र को सक्रिय रखते हुए ऐसे स्थानों पर कार्रवाई की जा रही है, जहां अवैध गतिविधियां संचालित होने की जानकारी मिलती है। इस कार्रवाई में थाना छावनी पुलिस और एसीसीयू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने त्वरित सूचना संकलन, घेराबंदी और रेड की कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहें। यदि किसी स्थान पर इस तरह की गतिविधियां संचालित होने की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
Next Story