छत्तीसगढ़

ढाबे के पीछे चल रहा था जुए का अड्डा, पुलिस ने 9 लोगों को पकड़ा

SHIDDHANT
12 Oct 2026 10:14 PM IST
ढाबे के पीछे चल रहा था जुए का अड्डा, पुलिस ने 9 लोगों को पकड़ा
x
छग
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़ापारा में एक ढाबे के पीछे जुआ खेल रहे नौ लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से कुल 63 हजार 470 रुपए नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आधी रात को पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मुड़ापारा में एक ढाबे के पीछे कुछ लोग ताश की पत्तियों पर रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। इसके बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके पर जुआ खेल रहे नौ लोगों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से नकदी तथा ताश की गड्डी बरामद हुई।
अलग-अलग गांवों के नौ आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुड़ापारा निवासी मुकेश यादव (45 वर्ष) और मोहम्मद फुल हसन (24 वर्ष) के रूप में की है। इसके अलावा पाकरगांव निवासी शरद बेहरा (38 वर्ष), धनुमणि यादव (39 वर्ष), दीपक बेहरा (34 वर्ष), हरि जायसवाल (36 वर्ष) और मनोज अम्बस्त (45 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। वहीं करंगाबहाल निवासी मधुसूदन यादव (38 वर्ष) और कछार निवासी घनश्याम यादव (32 वर्ष) भी पकड़े गए आरोपियों में शामिल हैं। पुलिस ने सभी नौ आरोपियों के विरुद्ध जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
63,470 रुपए नकद और ताश की गड्डी जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान जुआ फड़ और आरोपियों के कब्जे से कुल 63 हजार 470 रुपए नकद बरामद किए। इसके अलावा 52 पत्ती ताश भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलते हुए पकड़ा गया। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। एसएसपी बोले- जुआ के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जिले में जुआ जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पत्थलगांव क्षेत्र में नौ व्यक्तियों को जुआ खेलते पकड़ा गया है। मौके से नकदी और ताश की पत्तियां जब्त की गई हैं। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Next Story