छत्तीसगढ़

धोखेबाज आशिक गिरफ्तार, ओवरब्रिज से कूदकर प्रेमिका ने की थी खुदकुशी

Nilmani Pal
20 Aug 2022 3:34 AM GMT
धोखेबाज आशिक गिरफ्तार, ओवरब्रिज से कूदकर प्रेमिका ने की थी खुदकुशी
x

भिलाई। प्रेमी द्वारा शादी से इन्कार किए जाने से क्षुब्ध होकर एक युवती ने ढाई महीने पहले मरोदा ओवरब्रिज के ऊपर से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। नेवई पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की थी। परिवार वालों और युवती के परिचितों के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपित प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा के तहत प्राथमिकी की। पुलिस ने आरोपित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि ग्राम डूमरडीह निवासी प्रियंका बांधे (19) ने बीते दो जून को मरोदा ओवरब्रिज से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। जांच में पता चला कि मृतका का उसके ही गांव में रहने वाले विमल विश्वकर्मा से प्रेम प्रसंग था। दोनों के बीच शादी की बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद आरोपित विमल विश्वकर्मा ने युवती से कहा था कि वो जाकर मर जाए। इसी बात से क्षुब्ध होकर उसने ओवरब्रिज से छलांग लगा दी थी। उसके सिर पर गंभीर चोट लगी थी।

उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया था। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी कर मामले की जांच शुरू की थी। पुलिस ने आरोपित विमल विश्वकर्मा के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने की धारा के तहत प्राथमिकी कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।


Next Story