
x
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर में साधु के वेश में घूम रहे दो लोगों द्वारा एक महिला को ठगी का शिकार बनाने का मामला सामने आया है। शहर के कोष्टापारा मोहल्ले में रविवार सुबह करीब 11 बजे दो साधुओं ने पीने का पानी मांगने के बहाने महिला को अपनी बातों में उलझाया। इसके बाद परिवार को आशीर्वाद देने की बात कहते हुए महिला से मंगलसूत्र उतरवा लिया और उसे लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11 बजे शहर के कोष्टापारा मोहल्ले में साधु के वेश में दो व्यक्ति घूम रहे थे। इसी दौरान वे स्थानीय निवासी कांतिसेन के घर के पास पहुंचे। पीड़ित महिला के मुताबिक, एक साधु ने उससे पीने के लिए पानी मांगा। महिला ने साधु को पानी दिया, जिसके बाद वह उसके पति और बच्चों को आशीर्वाद देने की बात कहने लगा। महिला ने बताया कि साधु ने फूंक मारते हुए उसे अपनी बातों में उलझा लिया। इसी दौरान उसने महिला से गले में पहना हुआ मंगलसूत्र उतारकर अपने आंचल में रखने के लिए कहा। महिला ने साधु की बातों पर विश्वास करते हुए मंगलसूत्र उतारकर आंचल में रख लिया। इसके बाद महिला बाहर गई, जहां वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी।
पीड़िता के अनुसार, इसी स्थिति का फायदा उठाकर साधु उसके आंचल में रखा मंगलसूत्र लेकर फरार हो गया। घटना के समय महिला का पति घर पर मौजूद नहीं था। जब वह घर पहुंचा तो उसने अपनी पत्नी को बेहोश अवस्था में पड़ा देखा। बाद में महिला ने अपने पति को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। मंगलसूत्र लेकर साधुओं के फरार होने की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता सिटी कोतवाली थाने पहुंची और पुलिस को आपबीती सुनाई। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान करने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
घटना के बाद आसपास के मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान सुबह करीब 11 बजे दो साधु कोष्टापारा इलाके में घूमते दिखाई दिए हैं। फुटेज में एक साधु इधर-उधर घूमता नजर आ रहा है। उसके हावभाव से कैमरे की नजर से बचने की कोशिश किए जाने का संदेह जताया गया है। महिला के पति के मुताबिक, उनके घर की ओर का हिस्सा सीसीटीवी कैमरे में स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देता है। ऐसे में पुलिस उपलब्ध फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। सीसीटीवी फुटेज इस मामले की जांच में महत्वपूर्ण सुराग साबित हो सकता है।
साधु के वेश में आए व्यक्तियों द्वारा महिला का मंगलसूत्र लेकर फरार होने की घटना ने स्थानीय स्तर पर सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ऐसी घटनाओं से बचने के लिए अनजान व्यक्तियों की बातों में आकर अपने कीमती आभूषण या नकदी उनके हवाले नहीं करनी चाहिए। धार्मिक आस्था की आड़ में किसी भी संदिग्ध गतिविधि को लेकर सतर्क रहना आवश्यक है। फिलहाल सिटी कोतवाली पुलिस पीड़ित महिला की शिकायत और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। महिला के अचानक बेहोश होने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। फरार संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा। पुलिस आरोपियों की पतासाजी में जुटी हुई है।
Next Story





