छत्तीसगढ़
रायपुर में बैंक खाते से 14.97 लाख की धोखाधड़ी, दूसरा आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
21 Aug 2026 7:43 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में बैंक खाते से लिंक मोबाइल नंबर बदलकर 14.97 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना गंज पुलिस ने धोखाधड़ी की रकम अपने खाते में प्राप्त करने और उसे निकालने वाले आरोपी योगेश येड़े को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस मामले में एक्सिस बैंक देवेंद्र नगर शाखा के तत्कालीन डिप्टी मैनेजर को गिरफ्तार किया जा चुका है। यह कार्रवाई रायपुर कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन अंतर्गत थाना गंज पुलिस द्वारा की गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी योगेश येड़े पिता कृष्णा (27 वर्ष), निवासी ग्राम उमरी, पोस्ट मोहझारी, थाना लांजी, जिला बालाघाट मध्यप्रदेश और वर्तमान पता एकता नगर, जनता कॉलोनी, गुढ़ियारी रायपुर को गिरफ्तार किया गया है।
मामला थाना गंज में दर्ज अपराध क्रमांक 246/2026 धारा 316(5) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत दर्ज है। पुलिस के अनुसार एक्सिस बैंक की ग्राहक सुषमा कुमार के खाते से उनकी जानकारी और अनुमति के बिना 14 लाख 97 हजार 451 रुपये 32 पैसे की राशि धोखाधड़ीपूर्वक ट्रांसफर कर निकाली गई थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने कम सक्रिय बैंक खातों को निशाना बनाया था। इसके बाद फर्जी कस्टमर एप्लीकेशन फॉर्म के माध्यम से खाते में लिंक मोबाइल नंबर को बदलवाया गया। मोबाइल नंबर बदलने के बाद आरोपियों ने मोबाइल बैंकिंग सुविधा का उपयोग करते हुए ट्रांजेक्शन लिमिट बढ़ाई और खाते में जमा एफडी को भी क्लोज कर दिया।
इसके बाद खाते से निकाली गई राशि को आरोपी योगेश येड़े के ‘इंडियन सेल्स’ नामक बैंक खाते में ट्रांसफर किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि धोखाधड़ी की रकम प्राप्त करने के बाद आरोपी ने पंडरी स्थित एक्सिस बैंक शाखा से सेल्फ चेक के माध्यम से नकद राशि निकाल ली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बैंकिंग रिकॉर्ड, ट्रांजेक्शन डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों की जांच शुरू की। जांच में योगेश येड़े की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक इस मामले में पूर्व में एक्सिस बैंक देवेंद्र नगर शाखा के तत्कालीन डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह बिसेन को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोप है कि बैंक प्रक्रिया से जुड़े इस मामले में उनकी भूमिका सामने आई थी। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी योगेश येड़े को विधिवत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बैंकिंग धोखाधड़ी के मामलों में तकनीकी साक्ष्य और बैंक रिकॉर्ड के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। मामले में धोखाधड़ी की पूरी राशि की बरामदगी और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। रायपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बैंक खाते से जुड़े मोबाइल नंबर, ओटीपी, बैंकिंग जानकारी और व्यक्तिगत दस्तावेज किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी आर्थिक क्षति का कारण बन सकती है।
Next Story





