छत्तीसगढ़

2.05 करोड़ की जमीन डील में धोखाधड़ी का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया केस

jantaserishta.com
9 Sept 2026 6:32 PM IST
2.05 करोड़ की जमीन डील में धोखाधड़ी का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया केस
x
छत्तीसगढ़.
राजनांदगांव: राजनांदगांव में जमीन बेचने के नाम पर 2 करोड़ 5 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। लालबाग पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद तीन लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोप है कि जमीन के सौदे में आरोपियों ने 23 लाख रुपए का भुगतान किया, लेकिन बाकी 1 करोड़ 61 लाख रुपए नहीं दिए।
मामले में पुलिस ने प्रवीण झलके, प्रभात जैन और लाला यादव के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। ग्राम पेण्ड्री निवासी चंदाबाई खरे ने लालबाग थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि ग्राम पेण्ड्री स्थित उनकी जमीन खसरा नंबर 548/6, रकबा 0.48 एकड़ यानी 0.1916 हेक्टेयर का सौदा आरोपियों के साथ 2 करोड़ 5 लाख रुपए में तय हुआ था।
शिकायत के अनुसार, सौदा तय होने के बाद आरोपियों ने चंदाबाई को सिर्फ 23 लाख रुपए दिए। इसके बाद बकाया 1 करोड़ 61 लाख रुपए देने से इनकार कर दिया गया। पीड़िता के मुताबिक, जब उन्होंने बाकी रकम की मांग की तो आरोपियों से विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान पुलिस को भी गुमराह करने की कोशिश की गई। इसके बाद चंदाबाई ने मामले की शिकायत पुलिस से की।
मामले की जांच पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के निर्देश पर की गई। नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन ने शिकायत से जुड़े दस्तावेजों और तथ्यों की जांच की। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी और अपराध घटित होने के तथ्य सामने आए। इसके बाद सीएसपी की ओर से कानूनी कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई।
लालबाग थाने में अपराध क्रमांक 391/2026 के तहत आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4) और 3(5) BNS, 2023 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि BNS की धारा 318(4) पुरानी IPC की धारा 420 से संबंधित है।
मामले की जांच लालबाग थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल कर रहे हैं। पुलिस जमीन से जुड़े दस्तावेजों, सौदे की शर्तों और पैसों के लेन-देन की जांच कर रही है। इसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story