छत्तीसगढ़

तेंदुए की खाल लेकर ग्राहक तलाश रहे चार तस्कर गिरफ्तार

Kunti Dhruw
25 Jan 2022 6:27 PM GMT
तेंदुए की खाल लेकर ग्राहक तलाश रहे चार तस्कर गिरफ्तार
x
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस ने तेंदुए की खाल के साथ 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस ने तेंदुए की खाल के साथ 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी खाल को बेचने ग्राहक तलाश रहे थे तभी लेंडारा गांव में पुलिस के हत्थे चढ़ गए। आरोपियों ने तेंदुए का शिकार विश्रामपुरी क्षेत्र के जंगलों में किया था। जब्त तेंदुए की खाल की कीमत लगभग 3 लाख रुपए आकी गई है। पकड़े गए आरोपियों में दो कांकेर जिले और दो कोंडागांव जिले के निवासी हैं। आरोपियों ने आर्थिक लाभ के लिए तेंदुए का शिकार किया था। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। वहीं आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

कांकेर के एडिशनल एसपी गोरखनाथ बघेल ने बताया कि कांकेर थाना क्षेत्र अंतर्गत लेंडरा गांव में तेंदुए का शिकार कर खाल बेचने की नीयत से आरोपी ग्राहक की तलाश कर रहे थे। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस लेंडरा निवासी सियाराम भास्कर, खडगांव विश्रामपुरी निवासी शत्रुघन नेताम, भिरौद निवासी राजेश सरोज और गौरगांव केशकाल निवासी अर्जुन सलाम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा दिया है। आरोपियों के पास से बैग में रखा हुआ तेंदुआ की खाल भी बरमद किया गया है। कांकेर जिले के तरंदुल घाट में 30 दिसंबर को तेंदुए का शव मिला था। तेंदुए के मुंह से खून निकल रहा था, जिससे उसके शिकार की आशंका जताई गई थी। विभाग ने जांच टीम भी बनाई है, लेकिन अब तक रिपोर्ट सामने नहीं आई है। छत्तीसगढ़ के जंगलों में वन्य प्राणियों की सुरक्षा भगवान भरोसे है। वन विभाग के अफसर सिर्फ कागजों में सुरक्षा की योजना बनाते हैं।
प्रदेश में लगातार फूट रहा तस्करी का मामला
छत्तीसगढ़ में वन्य प्राणियों के शिकार और तस्करी का मामला लगातार फूट रहा है, जिससे वन विभाग की सक्रियता पर भी सवाल उठ रहे हैं। धमतरी जिले की अर्जुनी पुलिस ने 9 नवंबर 2021 को सिहावा रोड मथुराडीह मोड़ के पास प्रेम लाल मंडावी (42) निवासी सोनपुर, जिला कोण्डागांव को गिरफ्तार किया था। वह बोरी में तेंदुए की खाल लेकर ग्राहक तलाश रहा था। 31 अक्टूबर को कोंडागांव जिले के बड़ेडोंगर क्षेत्र में पुलिस ने एक आरोपी को तेंदुए की खाल के साथ गिरफ्तार किया था। वहीं 17 अक्टूबर को धमतरी के रुद्री थाना क्षेत्र में तेंदुए की खाल की तस्करी करते दो लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। 16 सितंबर को रायपुर में वन्य प्राणी पैंगोलिन की शल्क (खाल) की तस्करी करते एक CISF के अधिकारी को गिरफ्तार किया था।
Next Story