
यूपी। कानपुर में एक हादसे में एक लड़की लापता हो गई। लड़की गंगा में डूब गई और उसकी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। बताया जा रहा है कि बिठूर के गुदारा घाट पर गुरुवार दोपहर चार सहेलियां नहाने गई थीं। गंगा नहाते समय सेल्फी ले रहीं चार सहेलियां डूब गईं। नाविक और दुकानदार ने तीन को तो बचा लिया लेकिन एक छात्रा का सुराग नहीं लगा।
मामले में मिली जानकारी के अनुसार कल्याणपुर के बारा सिरोही निवासी अजमेर शर्मा की 17 वर्षीय पुत्री अनुष्का शर्मा, शिवली निवासी रामचंद्र कश्यप की 18 वर्षीय पुत्री रिया कश्यप, सुरसी कन्नौज निवासी विवेक कुमार की 17 वर्षीय पुत्री रिया कुशवाहा, फैजाबाद निवासी परागी लाल की 18 वर्षीय पुत्री मुस्कान, दोपहर चार बजे एक साथ बिठूर के गुदारा घाट पहुंचीं। दुकानदार रामजी ने बताया कि चारों को चेताया गंगा था कि गंगा में तेज बहाव है, किनारे पर ही नहाना। इसके बाद भी चारों लड़कियों नहीं मानीं और गंगा में उतरकर काफी आगे तक चली गईं। इसके बाद सेल्फी लेने लगीं। इसी दौरान तेज बहाव के कारण चारों डूबने लगीं। वह और नाविक गंगा में कूदे और तीन लड़कियों को बचाकर बाहर ले आए। हालांकि मुस्कान लापता हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोर उतारे और कई जगह जाल डलवाया पर देर शाम तक मुस्कान का पता नहीं चला। चारों लड़कियां कल्याणपुर के बारा सिरोही में रहती थीं। डूबी लड़की के परिजनों को पुलिस ने घटना की जानकारी दे दी है। साथ ही सभी लड़कियों के परिजनों को बिठूर बुलाया।
डूबी लड़की एक नर्सिंग होम में काम करती थी। कार्यवाहक बिठूर प्रभारी ने बताया कि मुस्कान की तलाश में एक दर्जन से अधिक गोताखोर लगाए गए हैं। हालांकि अभी तक लड़की का कोई सुराग नहीं मिला है। गोताखोर लड़की को खोजने में लगे हुए हैं। वहीं, अन्य तीन लड़कियां इस हादसे के बाद से सदमे में हैं। जाजमऊ सिद्धनाथ घाट किनारे गंगा नदी में गुरुवार सुबह युवक का शव उतराता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव बाहर निकाला, फिर पूछताछ कर शिनाख्त करने की कोशिश की। लेकिन पहचान नहीं हो सकी। जाजमऊ थाना प्रभारी संजय पांडे ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 32 वर्ष है। शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। सोशल मीडिया के माध्यम व आसपास के थाना क्षेत्रों से संपर्क कर शव की शिनाख्त करने की कोशिश की जा रही है।





