
x
पत्थरों के नीचे मिली 4 दिन की नवजात, मौत
Surguja सरगुजा: जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राता से चार दिन की नवजात बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बच्ची झाडिय़ों के बीच पत्थरों के नीचे मिली थी। सूचना मिलने के बाद उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम राता निवासी राम बाई को प्रसव पीड़ा होने पर चार दिन पूर्व क्षेत्र के ग्राम बरगीडीह स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां उसने एक बच्ची को जन्म दिया। बताया जा रहा है कि 15 अगस्त को राम बाई की बहन का बेटा पंकज उसे मोटरसाइकिल से उसके ससुराल ग्राम राता छोडऩे जा रहा था। महिला की गोद में चार दिन की नवजात बच्ची भी थी।
बताया गया कि ग्राम राता पहुंचने के दौरान झाडिय़ों के पास महिला अचानक मोटरसाइकिल से उतरकर बच्ची के साथ झाडिय़ों की ओर चली गई। पंकज ने मोटरसाइकिल रोककर उसकी तलाश की, लेकिन वह दिखाई नहीं दी। कुछ देर बाद वापस लौटने पर महिला मोटरसाइकिल के पास मिल गई, लेकिन बच्ची उसके साथ नहीं थी। पंकज ने बच्ची के संबंध में पूछताछ की, लेकिन कथित तौर पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने आसपास की झाडिय़ों में बच्ची को तलाशने का प्रयास किया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। बाद में वह महिला को उसके ससुराल लेकर पहुंचा। वहां भी नवजात के संबंध में पूछताछ हुई। मामले को लेकर पंचायत में चर्चा करने की बात भी सामने आई है।
इसी बीच कुछ समय बाद झाडिय़ों के आसपास मवेशी चरा रहे लोगों की नजर पत्थरों के नीचे पड़ी नवजात बच्ची पर पड़ी। तत्काल इसकी जानकारी गांव के सरपंच और पुलिस को दी गई। बताया जा रहा है कि उस समय बच्ची जीवित थी। उसे तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। महिला बच्ची को लेकर झाडिय़ों में क्यों गई और नवजात वहां किन परिस्थितियों में मिली, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करते हुए संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटनाक्रम और जिम्मेदारी की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Next Story





