
बिलासपुर। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा पर रेत से भरे ट्रैक्टर को वन विभाग के रेंजर और उनके साथी कर्मचारियों ने पकड़ लिया। इस पर ट्रैक्टर मालिक और उनके साथियों ने वनकर्मियों पर हमला कर दिया। इसके बाद रेत से भरे ट्रैक्टर लेकर चले गए। मारपीट के बाद रेंजर ने इसकी शिकायत गौरेला थाने में की है। पुलिस जुर्म दर्ज कर हमलावर की तलाश कर रही है।
वन अमले को सूचना मिली कि चुकतीपानी में कुछ लोग ट्रैक्टर से रेत का परिवहन कर रहे हैं। इस पर वन विभाग के रेंजर नरेशचंद्र देव नाग अपने साथी कर्मचारियों के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान उन्होंने मलनिया स्टाप डेम के पास कुछ लोगों को ट्रैक्टर में रेत लोड कर मध्य प्रदेश की ओर लेकर जाते देखा। इस पर वन अमले ने ट्रैक्टर के चालक को रोककर पूछताछ शुरू कर दी।
इसके बाद चालक को ट्रैक्टर धरमपानी के वन चेतना केंद्र लेकर जाने के लिए कहा। वन अमला ट्रैक्टर के पीछे चल रहा था। जंगल में चालक ने अचानक ट्रैक्टर खड़ा कर दिया। इसके कारण पीछे चल रहे वन अमले का वाहन ट्रैक्टर से टकराने बच गया। इसके बाद ट्रैक्टर का चालक जंगल की ओर भागने लगा। वनकर्मियों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। इसी बीच पांच-छह मोटरसाइकिल में कुछ लोग वहां पहुंचे। उन्होंने रेंजर से गाली-गलौज की। इसका विरोध करने पर वनकर्मी दीपक सिदार की पिटाई कर दी। इससे वनकर्मी को चोटें आई हैं। इसके बाद हमलावर ट्रैक्टर लेकर भाग गए।