छत्तीसगढ़

जंगल की आग ने किसान घर को लिया चपेट में, जलकर खाक

Nilmani Pal
15 April 2026 11:52 AM IST
जंगल की आग ने किसान घर को लिया चपेट में, जलकर खाक
x

प्रतीकात्मक फोटो  

CG NEWS

नारायणपुर. जंगल में लगी आग की चपेट में आने से ग्राम पंचायत जाटलुर के किसान कुंद्रा राम गोटा का घर जलकर पूरी तरह से खाक हो गया है. बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली कि सम्हलने का मौका नहीं मिला और पूरा घर जलकर स्वाहा हो गया. इस आगजनी में घर में रखा धान, कोसरा, कपड़े, बर्तन सहित लगभग 55,300 रुपये नगद भी जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए.

किसान के सामने अब रोजमर्रा की जरूरतों का भी संकट खड़ा हो गया है. कुंद्रा राम गोटा ने कहना है कि उनका खेत ग्राम जाटलुर से लगभग 4-5 किलोमीटर दूर जंगल क्षेत्र में स्थित है, जहां उन्होंने अपना घर बना रखा था. अज्ञात व्यक्ति द्वारा जंगल में आग लगाए जाने के कारण आग की लपटें धीरे-धीरे उनके खेत तक पहुंच गईं और उनका घर इसकी चपेट में आ गया. घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और यह सवाल उठ रहा है कि जंगल में लगी आग को समय रहते क्यों नहीं रोका गया. अगर समय पर नियंत्रण किया जाता तो शायद यह बड़ा नुकसान टल सकता था.

पीड़ित किसान ने घटना की जानकारी देते तहसीलदार को आवेदन सौंप उचित मुआवजे की मांग की है. किसान का कहना है कि उसकी पूरी जमा-पूंजी इस आग में खत्म हो गई है, ऐसे में शासन-प्रशासन से मदद ही उसका एकमात्र सहारा है. कुंद्रा राम गोटा ने प्रशासन से भावुक अपील करते हुए कहा कि यदि जल्द सहायता नहीं मिली तो उसके सामने जीवन यापन करना बेहद कठिन हो जाएगा.


Next Story