
x
छत्तीसगढ़
Chhattisgarh छत्तीसगढ़: बलरामपुर जिले में तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए वन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। सोमवार को प्रबंध संचालक एवं वनमंडलाधिकारी आलोक बाजपेयी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने सीमावर्ती संवेदनशील फड़ों का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्राथमिक लघु वनोपज समिति ढढीया के अंतर्गत फड़ ढढीया और कछिया का जायजा लिया। उन्होंने कर्मचारियों को केवल अच्छी गुणवत्ता वाले और बीड़ी निर्माण योग्य 50 पत्तों की गड्डी ही संग्रहित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद वन परिक्षेत्र रघुनाथनगर के मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश सीमा से लगे गिरवानी, केसारी, बभनी, झापर और चपोता फड़ों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान अवैध तेंदूपत्ता परिवहन और बिक्री रोकने के लिए लगाए गए अस्थायी बैरियरों की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में अवैध तेंदूपत्ता की खरीद या परिवहन न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही या संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके और तेंदूपत्ता संग्रहण प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।
Next Story





