छत्तीसगढ़

हाथियों के बीच फंसे बुजुर्गों को वन विभाग ने बचाया

Shantanu Roy
28 March 2026 12:23 AM IST
हाथियों के बीच फंसे बुजुर्गों को वन विभाग ने बचाया
x
छग
जशपुर। जशपुर वनमण्डल के परिक्षेत्र पत्थलगांव अंतर्गत ग्राम तिलडेगा क्षेत्र में हाथियों के दल के विचरण के दौरान एक बड़ी घटना सामने आई, जिसमें वन विभाग की तत्परता से दो बुजुर्गों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।डीएफओ जशपुर शशिकुमार ने बताया कि 24 मार्च 2026 की दरम्यानी रात को 11 हाथियों का एक दल कक्ष क्रमांक पी.एफ. 959 नंदन झरिया क्षेत्र में सारसमार एवं नंदन झरिया होते हुए तिलडेगा बस्ती के समीप पहुँच गया। इस दौरान हाथियों ने तिलडेगा भदरापारा निवासी जय कुमार नाग (40 वर्ष) के खेत में बने
आवासीय घर
को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया। उस समय घर के अंदर उनके माता-पिता बितन नाग (65 वर्ष) एवं राजमति नाग (60 वर्ष) मौजूद थे। हाथियों की आहट सुनकर जय कुमार नाग किसी तरह बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुँचे और तुरंत वन विभाग के गश्ती दल एवं रैपिड रिस्पांस टीम (आरआरटी) को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुँच कर तत्काल कार्रवाई शुरू की। बी.एफ.ओ. दिनेश कुमार (बाला झर), बी.एफ.ओ. अनिता तेन्दुआ (तमता), आरआरटी सदस्य राम बिलास नाग, रविशंकर पैंकरा एवं रमेश पैंकरा तथा वाहन चालक पियारू लकड़ा ने समन्वित प्रयास करते हुए हाथियों को सुरक्षित रूप से खदेड़ा।

काफी प्रयासों के बाद टीम ने घर के भीतर फंसे बुजुर्ग दंपत्ति का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उन्हें शासकीय वाहन से सुरक्षित गांव में पहुंचाया। इस साहसिक एवं त्वरित कार्रवाई के कारण किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। वर्तमान में 11 हाथियों का यह दल तिलडेगा क्षेत्र से आगे बढ़ते हुए सुखरापारा परिसर के कक्ष क्रमांक आर.एफ. 958 में विचरण कर रहा है। वन विभाग द्वारा दल की सतत निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचाव किया जा सके। वन विभाग ने क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, विशेषकर रात्रि के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें तथा किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत वन विभाग को दें। वन विभाग जशपुर द्वारा मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने और जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार सक्रिय प्रयास किए जा रहे हैं।
Next Story