छत्तीसगढ़

वन विभाग ने बैगा परिवार के PM आवास पर चलाया बुलडोजर

Shantanu Roy
6 Nov 2025 7:31 PM IST
वन विभाग ने बैगा परिवार के PM आवास पर चलाया बुलडोजर
x
छग
Manendragarh. मनेन्द्रगढ़। जिले के जनकपुर स्थित वन परिक्षेत्र कुंवारपुर में वन विभाग द्वारा एक विशेष बैगा जनजाति परिवार के प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने घर को तोड़े जाने की घटना ने जिले में राजनीतिक हलचल पैदा कर दी है। कांग्रेस पार्टी ने इस कार्रवाई को अमानवीय और असंवैधानिक करार देते हुए कलेक्टर को पत्र लिखकर उच्च स्तरीय जांच और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, कुंवारपुर क्षेत्र में बैगा जनजाति परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास स्वीकृत किया गया था। परिवार ने शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार मकान का निर्माण पूरा कर लिया था। लेकिन बीते दिनों वन विभाग की टीम ने पहुंचकर बिना किसी पूर्व सूचना या वैधानिक प्रक्रिया के मकान पर बुलडोजर चला दिया। इससे परिवार के सामने खुले आसमान तले रहने की नौबत आ गई।

कांग्रेस ने इस घटना को वन विभाग की "हठधर्मिता और संवेदनहीनता" का उदाहरण बताया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि शासन की योजना के तहत आवास स्वीकृत होने के बावजूद वन विभाग की ओर से पहले कोई आपत्ति दर्ज नहीं की गई थी। आवास निर्माण के बाद अचानक इस तरह की कार्रवाई न केवल गैरकानूनी है, बल्कि यह गरीब और वंचित समुदायों के साथ प्रशासनिक अन्याय का प्रतीक है। उन्होंने अपने पत्र में लिखा कि बैगा जनजाति विशेष संरक्षित वर्ग में आती है, और उनके खिलाफ इस तरह की कठोर कार्रवाई संविधान के अनुच्छेद 46 के साथ-साथ राज्य सरकार की जनजातीय नीतियों की भी खुली अवहेलना है। श्रीवास्तव ने कहा, “वन विभाग ने न केवल एक गरीब परिवार का आशियाना उजाड़ा है, बल्कि शासन की सामाजिक न्याय और कल्याणकारी योजनाओं की भावना पर भी प्रहार किया है।”
Next Story