
x
छग
Raipur. रायपुर। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर घोषित शुष्क दिवस के दौरान अवैध शराब के परिवहन, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने सघन अभियान चलाया। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर जिला आबकारी विभाग की अलग-अलग टीमों ने कई स्थानों पर दबिश देकर तीन प्रकरण दर्ज किए हैं। कार्रवाई के दौरान विदेशी और देशी मदिरा के साथ एक होंडा WR-V कार भी जब्त की गई। विदेशी मदिरा में मध्यप्रदेश से संबंधित महंगी शराब भी शामिल बताई गई है।
आबकारी विभाग की पहली बड़ी कार्रवाई पाजी द पिंड ढाबा में की गई। यहां टीम ने ईशु पाल भसीन के आधिपत्य वाली होंडा WR-V कार की जांच की। तलाशी के दौरान कार में विभिन्न ब्रांड की कुल आठ बोतल विदेशी व्हिस्की मिली। आबकारी टीम ने शराब को जब्त कर लिया। विभाग के अनुसार बरामद विदेशी मदिरा की कुल मात्रा छह लीटर है, जिसकी कीमत 15 हजार 856 रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही शराब रखने में इस्तेमाल होंडा WR-V कार को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया। वाहन की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी ईशु पाल भसीन के खिलाफ आबकारी अधिनियम की गैर-जमानती धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
खम्हारडीह में देशी शराब और बीयर बरामद
अभियान के तहत दूसरी कार्रवाई खम्हारडीह थाना क्षेत्र में की गई। यहां आबकारी विभाग की टीम ने राजू मलिक के कब्जे से 21 पाव देशी मसाला मदिरा और दो बोतल बीयर बरामद करने का दावा किया है। जब्त शराब की कुल मात्रा 5.08 बल्क लीटर बताई गई है, जिसकी कीमत करीब 2 हजार 580 रुपये आंकी गई। इस मामले में भी आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की गैर-जमानती धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई।
सोनबेरी में भी टीम ने दी दबिश
इसी क्रम में आबकारी विभाग ने मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम सोनबेरी में कार्रवाई की। यहां राहुल जांगड़े के आधिपत्य से 21 पाव रोमियो मसाला मदिरा बरामद की गई। इसकी कुल मात्रा 3.78 बल्क लीटर और कीमत करीब 2 हजार 100 रुपये बताई गई है। इस मामले में आरोपी राहुल जांगड़े के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इस तरह आबकारी विभाग ने शुष्क दिवस पर तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रखी गई मदिरा जब्त की।
शुष्क दिवस पर बढ़ाई गई थी निगरानी
कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुष्क दिवस घोषित होने के कारण शराब की बिक्री और परिवहन पर निगरानी बढ़ाई गई थी। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर आबकारी विभाग की टीमों को अवैध रूप से शराब बेचने, रखने या परिवहन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए लगाया गया था। अधिकारियों के मुताबिक शुष्क दिवस के दौरान अवैध मदिरा के परिवहन, भंडारण और बिक्री के खिलाफ सतत निगरानी रखी गई। सूचना और जांच के आधार पर अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर कार्रवाई की गई। पूरी कार्रवाई उपायुक्त आबकारी प्रवीण वर्मा के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में सहायक जिला आबकारी अधिकारी अल्ताफ खान, आशीष सिंह एवं वैभव मित्तल तथा आबकारी उपनिरीक्षक विक्रम सिंह और राहुल सिंह की भूमिका रही। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।
Next Story





