छत्तीसगढ़

बिहार में नाबालिग लड़कियों से जबरन डांस, छत्तीसगढ़ की 3 लड़कियां मुक्त

jantaserishta.com
27 Sept 2026 11:55 AM IST
बिहार में नाबालिग लड़कियों से जबरन डांस, छत्तीसगढ़ की 3 लड़कियां मुक्त
x
गांव में छापा.
बिलासपुर/ भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले में ऑर्केस्ट्रा और शादी-बर्थडे पार्टियों में नाबालिग लड़कियों से जबरन डांस कराने का मामला सामने आया है। बिहार पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने रतनपुर गांव में छापेमारी कर छत्तीसगढ़ की तीन नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है। पुलिस ने इस मामले में भोजपुर के रंजीत सिंह उर्फ गुड्डू सिंह और छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले की सलमा बेगम को गिरफ्तार किया है। दोनों पर बच्चियों को डांस कराने और उनके श्रम का भुगतान नहीं करने समेत गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
भोजपुर पुलिस के मुताबिक तीनों बच्चियों को रतनपुर गांव में रंजीत सिंह के ठिकाने पर रखा गया था। सूचना मिलने के बाद भोजपुर एसपी अवधेश कुमार दीक्षित के निर्देश पर सदर एसडीपीओ-1 सह साइबर डीएसपी रौशन कुमार के नेतृत्व में टीम बनाई गई। महिला पुलिसकर्मियों की टीम ने गुरुवार शाम ठिकाने पर दबिश दी और तीनों नाबालिगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस के सामने बच्चियों ने बताया कि उनसे शादी और जन्मदिन की पार्टियों में डांस कराया जाता था। उनका आरोप है कि लंबे समय तक काम कराने के बावजूद उन्हें एक भी पैसा नहीं दिया गया। मामले की जानकारी बाल कल्याण समिति को भी दी गई है।
जांच में छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले की सलमा बेगम का नाम सामने आया है। स्थानीय रिपोर्ट के मुताबिक सलमा को मुक्त कराई गई बच्चियों की कथित मौसी बताया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि रंजीत सिंह ने सलमा के माध्यम से बच्चियों को छत्तीसगढ़ से बिहार बुलाया था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, किशोर न्याय अधिनियम और बंधुआ मजदूरी कानून के तहत अपराध दर्ज किया है। तीनों बच्चियों को फिलहाल संरक्षण में रखा गया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें उनके परिवारों को सौंपे जाने की बात पुलिस ने कही है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story