छत्तीसगढ़
सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद छत्तीसगढ़ में सीबीआई की रेड
Shubhra Nandy
13 Nov 2026 10:22 AM IST

x
महादेव सट्टा एप मामला
रायपुर : बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद अब जांच एजेंसियों की कार्रवाई बेहद तेज हो गई है। इस हाई-प्रोफाइल केस की कड़ियां जोड़ने के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम ने राजधानी रायपुर के पॉश इलाके समता कॉलोनी में बड़ी दबिश दी है। सीबीआई ने यहां सट्टा नेटवर्क से जुड़े आरोपी मोहित सोमानी के निवास पर छापेमारी कर तलाशी अभियान चलाया।
प्रमोटर से सीधे पैनल आईडी लेकर बेचने का शक
जांच एजेंसियों के सूत्रों के मुताबिक, मोहित सोमानी पर महादेव सट्टा एप के मुख्य प्रमोटरों से सीधे सट्टेबाजी की पैनल आईडी (ID) लेकर उसे आगे बेचने और अवैध नेटवर्क संचालित करने की प्रबल आशंका जताई जा रही है। सौरभ चंद्राकर से जुड़े इनपुट मिलने के बाद सीबीआई की टीम ने यह कार्रवाई की है, ताकि लेन-देन और डिजिटल सबूतों को खंगाला जा सके।
गोवा से हुई थी गिरफ्तारी, फिलहाल रायगढ़ जेल में है बंद
गौरतलब है कि आरोपी मोहित सोमानी पहले से ही पुलिस के शिकंजे में है। इससे पहले रायगढ़ पुलिस ने एक बड़े ऑपरेशन के तहत उसे गोवा से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद से ही मोहित सोमानी न्यायिक हिरासत में रायगढ़ जेल में निरुद्ध है। अब सीबीआई की इस छापेमारी के बाद महादेव सट्टा एप से जुड़े छत्तीसगढ़ के अन्य रसूखदारों और पैनल संचालकों में भी हड़कंप मच गया है।
Next Story





