छत्तीसगढ़

स्कूटी पर पांच युवकों की खतरनाक स्टंटबाजी, देखें VIDEO...

Shantanu Roy
29 Sept 2025 8:00 PM IST
स्कूटी पर पांच युवकों की खतरनाक स्टंटबाजी, देखें VIDEO...
x
छग
Bijapur. बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सड़क पर खतरे से खेलने का एक और मामला सामने आया है। रविवार देर रात पांच युवक एक ही स्कूटी पर सवार होकर बिना हेलमेट हाईवे पर स्टंट करते नजर आए। इनमें से चार युवक स्कूटी की सीट पर बैठे थे और तीन ने मिलकर पांचवें युवक को कंधों पर उठा रखा था। स्कूटी चला रहा युवक इस खतरनाक करतूत को करते हुए पूरी रफ्तार से सड़क पर दौड़ रहा था। इस नजारे को देखकर राहगीर दंग रह गए। यही नहीं, जब एक राहगीर ने उनका वीडियो बनाया, तो स्कूटी पर बैठे युवक ने कैमरे की ओर अंगूठा दिखाया। लेकिन कुछ ही पल बाद कैमरा देखते ही सभी ने मुंह छिपा लिया और स्पीड बढ़ाकर वहां से फरार हो गए। यह घटना बीजापुर के पुराना पेट्रोल पंप क्षेत्र की बताई जा रही है।


वायरल वीडियो ने खोला मामला
यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पांचों युवक किसी भी तरह की सुरक्षा के बिना जान से खिलवाड़ कर रहे हैं। इस हरकत को देखकर राहगीर भी सकते में आ गए। स्थानीय लोगों ने कहा कि अगर जरा सा भी संतुलन बिगड़ जाता तो यह किसी बड़ी
दुर्घटना
में बदल सकता था। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, स्कूटी पर सवार पांच युवकों में से एक नाबालिग भी शामिल है। नाबालिग का इस तरह से वाहन चलाना और स्टंटबाजी करना सीधे तौर पर कानून का उल्लंघन है।
स्थानीय लोगों ने जताई चिंता
घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद शहर और हाईवे पर ऐसी खतरनाक घटनाएं थम नहीं रही हैं। लोगों ने कहा कि यह न केवल युवकों की जान के लिए खतरा है, बल्कि सड़क पर चल रहे आम लोगों की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
पुलिस ने कसा शिकंजा
बीजापुर कोतवाली प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि घटना की पुष्टि के बाद पुलिस ने युवकों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि सभी स्टंटबाजों की तलाश की जा रही है और बहुत जल्द उन्हें हिरासत में लिया जाएगा। साथ ही, इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए शहर और हाईवे पर निगरानी को और सख्त किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ में बढ़ रहा स्टंटबाजी का चलन
बीजापुर की यह घटना अकेली नहीं है। छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ समय से सड़क पर खतरनाक स्टंटबाजी की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। रायपुर से भी ऐसे कई वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें लग्जरी कारों से स्टंट करते रईसजादों का काफिला नेशनल हाईवे पर दौड़ता दिखा। वहीं, कई मौकों पर हथियार लहराते हुए सड़क पर केक काटने जैसी घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि सोशल मीडिया पर ‘वायरल’ होने की चाहत में युवा सड़क पर ऐसे खतरनाक कारनामे करने लगते हैं। यह न केवल उनके जीवन को संकट में डालता है, बल्कि सड़क सुरक्षा कानूनों को भी चुनौती देता है।
Next Story