छत्तीसगढ़

मंडीगेट में पांच दुकानों में बड़ी चोरी, नकदी और सामान लेकर फरार हुए चोर

Shantanu Roy
1 Feb 2026 4:47 PM IST
मंडीगेट में पांच दुकानों में बड़ी चोरी, नकदी और सामान लेकर फरार हुए चोर
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत मंडीगेट इलाके में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात चोरों ने पांच दुकानों को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर छत तोड़कर और दीवार फोड़कर दुकानों के भीतर घुसे और नकदी समेत लाखों रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। चोरी की इस घटना से इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है।


मिली जानकारी के अनुसार मंडीगेट स्थित सेनेटरी हार्डवेयर, इंटीरियर डिजाइनर, फर्नीचर और कपड़े की दुकानों में चोरी हुई है। डिजाइनर सेनेटरी हार्डवेयर दुकान से चोर ढाई से तीन लाख रुपये नकद ले गए। इसी तरह नोवा फर्नीचर दुकान से लगभग डेढ़ लाख रुपये नकद चोरी होने की बात सामने आई है। वहीं लबडब कपड़ा दुकान से भी ढाई से तीन लाख रुपये नकद चोरी किए जाने की जानकारी मिली है। अन्य दुकानों से भी कीमती सामान और नकदी चोरी होने का अनुमान लगाया जा रहा है, जिसकी जांच की जा रही है।

बताया गया है कि चोरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए दुकानों की छत को तोड़ा और दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद ताले और दराज तोड़कर नकदी और सामान समेट लिया। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानों पर पहुंचे तो चोरी का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। इससे पहले शनिवार को भी इसी तरह की चोरी की घटनाएं एमजी रोड स्थित सिंधी बाजार में सामने आई थीं, जहां तीन दुकानों को निशाना बनाया गया था। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्रों में रात के समय गश्त बढ़ाई जाए और सीसीटीवी निगरानी को मजबूत किया जाए।

सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। साथ ही फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह संगठित गिरोह की करतूत प्रतीत हो रही है, जो पहले रेकी कर वारदात को अंजाम दे रहा है। चोरी की कुल राशि और सामान का आंकलन किया जा रहा है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश तेज कर दी है।
Next Story