छत्तीसगढ़

गांजा पीने वालों के खिलाफ पांच थानों की एक साथ कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
2 Aug 2025 12:05 AM IST
गांजा पीने वालों के खिलाफ पांच थानों की एक साथ कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार
x
छग
रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के विरुद्ध पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर शहर के पांच थानों — आजाद चौक, पुरानी बस्ती, डी.डी. नगर, सरस्वती नगर और टिकरापारा की पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों पर गांजा पीते पाए गए 5 युवकों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 27 के तहत अपराध दर्ज करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने हाल ही में रायपुर पुलिस को निर्देश दिए थे कि शहर में नशे का काला कारोबार करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर गांजा या अन्य मादक पदार्थों का सेवन कर रहे लोगों पर भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि शहर को नशे से मुक्त बनाया जा सके।
पांच थानों की अलग-अलग कार्रवाइयों में गिरफ्तार आरोपी:
थाना आजाद चौक – अपराध क्रमांक 212/25
आरोपी होरीलाल ध्रुव, उम्र 31 वर्ष, को रामकुंड ठाकरे चौक के पास सार्वजनिक स्थान पर गांजा पीते पकड़ा गया। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
थाना पुरानी बस्ती – अपराध क्रमांक 292/25
आरोपी शेख आजम, उम्र 26 वर्ष, को बीएसयूपी कॉलोनी भाठागांव क्षेत्र में गांजा सेवन करते रंगे हाथों पकड़ा गया। उस पर भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
थाना डी.डी. नगर – अपराध क्रमांक 306/25
आरोपी देवा साहू, उम्र 23 वर्ष, को महादेव घाट के पास गांजा पीते पाया गया। पुलिस ने उसे मौके से हिरासत में लेकर जेल भेजा।
थाना सरस्वती नगर – अपराध क्रमांक 174/25
आरोपी आकाश नायक, उम्र 30 वर्ष, को कुकुरबेड़ा स्थित सामुदायिक भवन के पास सार्वजनिक स्थान पर गांजा सेवन करते गिरफ्तार किया गया।
थाना टिकरापारा – अपराध क्रमांक 582/25
आरोपी दिनेश कुमार धीवर, उम्र 19 वर्ष, को भाठागांव स्थित बस स्टैंड के पास गांजा पीते पकड़ा गया। पुलिस ने उसे तत्काल गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की।
अभियान रहेगा लगातार जारी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई एक सतत अभियान का हिस्सा है और भविष्य में भी इसी तरह की मुहिम चलाकर सार्वजनिक स्थानों पर नशे का सेवन करने वालों और नशीले पदार्थों का व्यापार करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में रायपुर पुलिस ने यह संकल्प लिया है कि शहर में नशे के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई जाएगी। रायपुर पुलिस की इस त्वरित और सशक्त कार्रवाई से एक बार फिर यह संदेश गया है कि राजधानी में नशा करने वालों और नशा बेचने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
Next Story