छत्तीसगढ़

रायपुर में हनुमान मंदिर की मूर्ति तोड़ने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
17 Dec 2025 5:44 PM IST
रायपुर में हनुमान मंदिर की मूर्ति तोड़ने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Raipur. रायपुर। टिकरापारा थाना क्षेत्र में धार्मिक भावनाओं को आहत करने के एक गंभीर मामले में रायपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपियों ने जेसीबी मशीन की मदद से हनुमान भगवान की मूर्ति को तोड़ दिया और पास स्थित गौशाला में भी तोड़फोड़ की। यह घटना 15 और 16 दिसंबर 2025 की दरम्यानी रात की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया नीतू सोनी ने थाना टिकरापारा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि टिकरापारा धरमनगर गणेश चौक स्थित पीपल पेड़ के नीचे बने चबूतरे पर स्थापित हनुमान भगवान की मूर्ति को अरिहंत पारख और उसके साथियों ने जेसीबी से तोड़ दिया। इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि इसी दौरान गौशाला में भी तोड़फोड़ की गई।
प्रार्थिया की रिपोर्ट के आधार पर थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 1014/25 दर्ज किया गया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 298, 351(2) और 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। मामला सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी टिकरापारा के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटना स्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की, साक्ष्य एकत्र किए और आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने इस मामले में शामिल सभी पांच आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त जेसीबी मशीन को भी जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में अरिहंत पारख (31 वर्ष), निवासी डी-क्वॉड सिविल लाइन, थाना सिविल लाइन रायपुर शामिल है। दूसरा आरोपी मोहित लखेर (32 वर्ष) है, जो मूल रूप से ग्राम मिरगौती, जिला सतना (मध्य प्रदेश) का निवासी है और वर्तमान में पंडरी रायपुर में रह रहा था। तीसरा आरोपी भूपेश केंवट (19 वर्ष) संजय नगर सराईपाली, जिला महासमुंद का निवासी है। चौथा आरोपी गणेश कुर्रे (20 वर्ष) ग्राम सकरी, जिला सक्ती का रहने वाला है। पांचवां आरोपी मेहराब खान (21 वर्ष) ग्राम बिछोर, थाना पुनहाना, जिला नूंह (हरियाणा) का निवासी है, जो वर्तमान में थाना माना क्षेत्र के अंतर्गत रायपुर में रह रहा था।
पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे कोई और साजिश या अन्य लोग तो शामिल नहीं थे। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचाने और समाज में तनाव फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Next Story