छत्तीसगढ़
CG में बेखौफ बदमाश! पहले ट्रेलर चालक को चाकू दिखाकर लूटा, फिर युवक से छीना महंगा फ़ोन
jantaserishta.com
20 Oct 2026 1:51 PM IST

x
छत्तीसगढ़.
रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में लूट की दो अलग-अलग घटनाएं हुईं। घरघोड़ा थाना क्षेत्र में बाइक सवार 3 युवकों ने ट्रेलर चालक से मोबाइल और 3 हजार रुपए लूट लिए। वहीं, एक बाइक चालक से 64 हजार रुपए का आईफोन छीनकर फरार हो गए। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना में बिहार के महेशडीह गांव के रहने वाले रंजित कुमार सिंह (33) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। वह ट्रेलर चलाने का काम करता है। पिछले 15 दिनों से वह खरसिया निवासी ट्रांसपोर्टर अंकित अग्रवाल का ट्रेलर चला रहा था।
रंजित ने बताया कि 16 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे वह फील कोल वाशरी, नवापारा टेंडा से ट्रेलर में कोयला लोड कर इंडोग्रो कंपनी में खाली करने जा रहा था। उसका साथी चालक रामाशंकर पासवान भी अपने ट्रेलर में कोयला लोड कर आगे चल रहा था।
रात करीब 2 बजे घरघोड़ा-छाल रोड पर बोरपारा के पास उसने देखा कि काले रंग की हीरो स्प्लेंडर बाइक पर सवार 3 युवक उसका पीछा कर रहे हैं। डर के कारण उसने ट्रेलर की रफ्तार बढ़ा दी और फोन कर अपने साथी चालक को इसकी जानकारी दी।
रंजित के मुताबिक, घरघोड़ा बाइपास पर हनुमान ईंट भट्ठे के सामने तीनों युवकों ने ओवरटेक कर बाइक ट्रेलर के सामने अड़ा दी। ट्रेलर रोकने पर दो युवक दोनों ओर से केबिन में चढ़ गए। उन्होंने चाकू दिखाकर उसे डराया और बेल्ट से मारपीट की।
इसके बाद गाली-गलौज करते हुए 5 हजार रुपए मांगे। रंजित ने रुपए देने से इनकार किया तो आरोपी उसका मोबाइल और वाहन खर्च के लिए रखे 3 हजार रुपए लूटकर भाग गए। आरोपियों ने रंजित को पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद उसने वाहन मालिक को जानकारी दी और ट्रेलर खाली कराने चला गया। बाद में रविवार को उसने घरघोड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लूट की दूसरी घटना भी घरघोड़ा थाना क्षेत्र की है। टेरम निवासी सूरज राठिया (24) ने पुलिस को बताया कि वह रात में बाइक से घर जा रहा था। रात करीब 9 बजे घरघोड़ा-धरमजयगढ़ रोड पर बंगाली ढाबे के सामने काले रंग की हीरो स्प्लेंडर बाइक पर सवार 3 युवक पहुंचे और उसका रास्ता रोक लिया।
इसके बाद बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अचानक उसका 64 हजार रुपए का आईफोन छीन लिया। तीनों आरोपी रायगढ़ रोड की तरफ भाग गए। घटना के बाद सूरज डर के कारण घर चला गया। अगले दिन उसने आरोपियों का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उसने घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात 3 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





