छत्तीसगढ़
जियो-टैगिंग के नाम पर राशि मांगने वालों के विरुद्ध होगी एफआईआर: CEO तिवारी
Shantanu Roy
24 Nov 2026 10:22 PM IST

x
छग
Sarangarh–Bilaigarh. सारंगढ़–बिलाईगढ़। केंद्र एवं राज्य शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत जिले के पात्र ग्रामीण परिवारों को पक्के आवास की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा प्राथमिकता के साथ कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिले में नवीन आवासों की स्वीकृति से लेकर निर्माण कार्यों की प्रगति तक नियमित निगरानी की जा रही है। योजना का लाभ वास्तविक पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाने तथा आवास स्वीकृति की प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से संपूर्ण प्रक्रिया डिजिटल एवं पेपरलेस माध्यम से संचालित की जा रही है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास स्वीकृति, किश्त जारी करने अथवा जियो-टैगिंग के नाम पर किसी भी प्रकार की राशि मांगने, भ्रष्टाचार या अनियमितता की शिकायत प्रमाणित होने पर संबंधितों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराते हुए कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला पंचायत सीईओ तिवारी ने बताया कि शासन द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत नवीन आवासों की स्वीकृति प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल एवं पारदर्शी बनाया गया है। पूर्व में किए गए डिजिटल सर्वेक्षण के आधार पर पात्र हितग्राहियों को निरंतर आवास स्वीकृत किए जा रहे हैं। इस प्रक्रिया में हितग्राहियों से किसी प्रकार के अनावश्यक दस्तावेज अथवा अतिरिक्त कागजात की मांग नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आवास स्वीकृति से लेकर निर्माण की प्रत्येक प्रक्रिया शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप संचालित की जा रही है। जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने जिले के सभी आवास हितग्राहियों से अपील की है कि वे किसी भी बिचौलिए, दलाल अथवा अन्य व्यक्ति के बहकावे में न आएं। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास स्वीकृति, किश्त जारी कराने, जियो-टैगिंग अथवा अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर किसी को भी राशि देने की आवश्यकता नहीं है। यदि कोई व्यक्ति आवास स्वीकृत कराने या किश्त जारी कराने के बदले राशि की मांग करता है अथवा किसी प्रकार का दबाव बनाता है, तो इसकी शिकायत तत्काल संबंधित जनपद पंचायत अथवा जिला पंचायत कार्यालय में दर्ज कराएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार जांच एवं कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को पक्का आवास निर्माण के लिए शासन द्वारा कुल 1 लाख 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तीन किश्तों में प्रदान की जाती है। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रथम किश्त के रूप में 45 हजार रुपये, द्वितीय किश्त में 65 हजार रुपये तथा अंतिम तृतीय किश्त में 10 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों का निर्माण निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पूर्ण कराने के लिए हितग्राहियों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जा रहा है। जिला पंचायत सीईओ तिवारी ने जिन हितग्राहियों के आवास स्वीकृत हो चुके हैं, उनसे शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हितग्राही अपने ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक अथवा पंचायत सचिव से संपर्क कर तकनीकी सहायकों के माध्यम से निर्धारित स्थल पर आवास का ले-आउट कराएं। साथ ही निर्माण के लिए आवश्यक सामग्री एकत्रित कर कार्य प्रारंभ करें, जिससे प्रथम किश्त की 45 हजार रुपये की राशि का फंड ट्रांसफर ऑर्डर (एफटीओ) समय पर जारी किया जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि हितग्राहियों को निर्माण कार्य प्रारंभ करने में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए, ताकि स्वीकृति के बाद आवास निर्माण में अनावश्यक विलंब न हो।
Next Story





