छत्तीसगढ़

घर के अंदर चल रही थी पटाखा फैक्ट्री, पुलिस ने मारा छापा, 2 गिरफ्तार और कमरा सील

SHIDDHANT
1 Nov 2026 8:03 PM IST
घर के अंदर चल रही थी पटाखा फैक्ट्री, पुलिस ने मारा छापा, 2 गिरफ्तार और कमरा सील
x
छग
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दीपावली से पहले अवैध पटाखा निर्माण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गोलबाजार थाना क्षेत्र के गणेश राम नगर में एक दुकान के ऊपर स्थित आवासीय कमरे में अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और पर्यावरण विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर बड़ी मात्रा में तैयार और अर्धनिर्मित पटाखे बरामद किए हैं। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, पटाखा निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे कमरे को सील कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को सूचना मिली थी कि गणेश राम नगर स्थित शिव शक्ति फटाका दुकान का संचालक अपनी दुकान के ऊपर बने आवासीय कमरे में अन्य व्यक्तियों की मदद से अवैध रूप से पटाखों का निर्माण करवा रहा है। इन पटाखों को दीपावली के अवसर पर बिक्री के लिए तैयार किया जा रहा था।
संयुक्त टीम ने मारा छापा, कमरे में बन रहे थे पटाखे
सूचना की गंभीरता को देखते हुए गोलबाजार थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्णा साहू के नेतृत्व में संयुक्त जांच टीम गठित की गई। इसमें एसडीएम रायपुर कार्यालय, नगर निगम के जोनल कमिश्नर और पर्यावरण अधिकारी कार्यालय के प्रतिनिधि शामिल थे।
टीम ने गणेश राम नगर स्थित संबंधित परिसर में दबिश दी। जांच के दौरान दुकान के ऊपर बने आवासीय कमरे में 'TOP TIGER' नाम के पटाखे तैयार किए जाते पाए गए।
रिहायशी इलाके में इस तरह पटाखों का निर्माण आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता था। समय रहते सूचना मिलने और कार्रवाई होने से संभावित दुर्घटना का खतरा टल गया।
पांच कार्टन पटाखे और एल्यूमिनियम पाउडर जब्त
जांच टीम ने मौके से पांच कार्टन तैयार पटाखे बरामद किए। इसके अलावा बोरियों और कार्टन में रखे अर्धनिर्मित पटाखे तथा पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाला एल्यूमिनियम पाउडर भी जब्त किया गया।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में बरामद सामग्री पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली लो एक्सप्लोसिव श्रेणी की बताई गई है। संयुक्त टीम ने सुरक्षा के मद्देनजर संबंधित कमरे को सील कर दिया।
दो आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई
इस मामले में पुलिस ने श्याम लाल ठाकुर (76 वर्ष), निवासी गणेश राम नगर, वर्तमान पता गांधी नगर, अमलीडीह और दीपक ठाकुर (57 वर्ष), निवासी कालीनगर, पंडरी को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9B(1)(a) और भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 288 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने की सुरक्षित दीपावली मनाने की अपील
गोलबाजार पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे घरों और रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से पटाखों का निर्माण या भंडारण न करें। ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
पुलिस ने कहा कि अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण से आग लगने तथा विस्फोट जैसी गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा रहता है। इसलिए सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए दीपावली का त्योहार मनाएं।
Next Story